जम्मू-कश्मीर: घाटी के 90 फीसदी हिस्से में पाबंदियों को दिन में पूरी तरह से हटाया गया।

घाटी के 90 फीसदी हिस्से में दिन के समय की पाबंदियां पूरी तरह से हटा दी गई हैं। प्रधान सचिव ने कहा, ''जम्मू और लद्दाख सभी तरह की पाबंदियों से पहले से ही पूरी तरह से मुक्त हैं।

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : जम्मू-कश्मीर में सरकर लगातार जनजीवन को सामान्य करने की ओर कदम बढ़ा रही है।  जम्मू कश्मीर के प्रधान सचिव रोहित कंसल ने सोमवार को बताया कि घाटी के 90 फीसदी हिस्से में दिन के समय की पाबंदियां हटा दी गई है। कंसल ने यहां संवाददाताओं से कहा कि कश्मीर घाटी में 111 पुलिस थाना क्षेत्रों में दिन के समय की पाबंदियां 92 थाना क्षेत्रों से पूरी तरह से हटा दी गई है, जो पिछले हफ्ते के 81 थाना क्षेत्रों से अधिक है। उन्होंने कहा, ”इस तरह घाटी के 90 फीसदी हिस्से में दिन के समय की पाबंदियां पूरी तरह से हटा दी गई हैं। प्रधान सचिव ने कहा, ”जम्मू और लद्दाख सभी तरह की पाबंदियों से पहले से ही पूरी तरह से मुक्त हैं। जम्मू, कश्मीर और लद्दाख के 93 फीसदी हिस्से आज किसी निषेधाज्ञा से पूरी तरह से मुक्त हैं। उन्होंने कहा कि घाटी में 26,000 से अधिक लैंडलाइन फोन काम कर रहे हैं। कंसल ने कहा, ”हमने 29 और टेलीफोन एक्सचेंज खोलने का फैसला किया है। इस तरह कुल 95 एक्सचेंज में से अब 76 संचालित हो रहे हैं। गौरतलब है कि जम्मू कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाने के बाद से ही घाटी को छावनी में तब्दील कर दिया गया। करीब 35 हजार से अधिक सुरक्षाबलों को अतिरिक्त तैनात किया गया। जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन बिल को संसद से मंजूरी मिलने और राज्य़ को दो केंद्र शासित प्रदेश में बांटने के फैसले के बाद किसी तरह की अशांति का वातारवरण न बने, इसके लिए सरकार ने पहले से ही तैयारियां कर ली थी। मगर अब हालात को देखते हुए पाबंदियों में ढील दी जा रही है।  जल्द ही घाटी में सब कुछ सामान्य होगा।

Comments (0)
Add Comment