जल्द घर लौटेंगे सऊदी अरब में फंसे 10 हिमाचली युवक

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : शिमला। मंडी जिले के 10 युवा जो सऊदी अरब के रियाज में फंसे हैं, शीघ्र ही स्वदेश लौटेंगे। विदेश मंत्रालय ने सभी युवाओं से  संपर्क कर उनकी सारी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं तथा दस्तावेज तैयार होते ही वह भारत लौट आएंगे। यह जानकारी सांसद रामस्वरुप शर्मा ने दी। उन्होंने कहा कि जिला मंडी के कुछ युवाओं को एजेंटों ने गुमराह करके उन्हें टूरिस्ट वीजा पर सऊदी अरब भेजा तथा उन्हें काम-धंधा न मिलने पर दयनीय में रहना पड़ा। इन लड़कों को वहां की सरकार की ओर से जुर्माना भी लगाया गया है। इन युवाओं को स्वदेश वापस लाने के लिए 11 जनवरी को विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को पत्र लिखा तथा स्वयं भी उनसे मुलाकात कर उन्हें तुरंत सहायता मुहैया करवाने की मांग की थी। उन्होंने कहा कि रियाज में फंसे युवाओं से उनकी दूरभाष पर बात हुई तथा युवाओं ने बताया कि मंगलवार को विदेश मंत्रालय के अधिकारियों ने उनसे संपर्क किया है तथा शीघ्र स्वदेश भेजने के लिए दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं। विदेश मंत्री को लिखे पत्र में सांसद रामस्वरुप शर्मा ने कहा था कि सऊदी अरब में विदेश मंत्रालय का कामकाज देख रहे अधिकारी से पांच बार दूरभाष पर बात करना चाही लेकिन वहां से कोई सार्थक उतर नहीं आया। इस पर विदेश मंत्रालय ने उनका कड़ा संज्ञान लेते हुए 10 युवाओं को शीघ्र स्वदेश भिजवाने के लिए कहा। यह सभी युवा जेल में बंद हैं तथा इनकी रिहाई करवाना और उसके बाद विदेश मंत्रालय द्वारा उन्हें घर वापिस भिजवाने के लिए काम करना शुरु कर दिया है।

Comments (0)
Add Comment