(न्यूज़ लाइव नाउ) एयरलाइन कंपनियां यात्रियों की फ्लाइट जानबूझ कर छुड़वा देती हैं। यही नहीं त्यौहारों, छुट्टियों और प्राकृतिक आपदाओं के दौरान वे उनसे हवाई सफर के लिए मनमाने दाम वसूलती हैं। एयरलाइन कंपनियां ये तरीके अपने मुनाफे को बढ़ाने के लिए अपनाती हैं। ऐसी ही एयरलाइन कंपनियों में से एक नाम सामने आया है, जो इंडिगो एयरलाइन का है। ये बातें हम नहीं कह रहे हैं, बल्कि संसदीय कमेटी की रिपोर्ट बयान करती है। रिपोर्ट न केवल खुल कर एयलाइन सेक्टर में यात्रियों के साथ होने वाले दुर्व्यवहार का मसला उठाती है, बल्कि उसी के साथ चौंकाने वाले खुलासे भी करती है।
गुरुवार को राज्यसभा में संसद की स्टैंडिंग कमेंटी ने एयरलाइन में यात्रियों को दी जाने वाली सुविधाओं से जुड़ी हुई एक रिपोर्ट पेश की। संसदीय कमेटी ने इसमें एयलाइन कंपनियों द्वारा यात्रियों से त्यौहारों, छुट्टियों, प्राकृतिक आपदाओं और राजनीतिक/सामाजिक तनाव के दौरान हवाई सफर के लिए मनमाफिक कीमतें वसूलने की बात का जिक्र था।