(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : बेसिक सेविंग बैंक डिपॉजिट (बीएसबीडी) खाते में मिनियम बैलेंस की आवश्यकता नहीं होती है। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) और पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) जैसे प्रमुख बैंक जीरो बैलेंस खाता खोलने की सुविधा देते हैं। इसके अलावा एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक से भी यह सुविधा मिलती है। जीरो बैलेंस सेविंग अकाउंट में ग्राहकों को डेबिट और एटीएम कार्ड के साथ इंटरनेट बैंकिंग की भी सुविधा मिलती है।एसबीआई की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक कोई भी व्यक्ति स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया में सिंगल या जॉइंट खाता खुलवा सकता है। इसमें बैंक की ओर से एटीएम डेबिट कार्ड मुफ्त में जारी किया जाता है और साथ ही कोई वार्षिक रखरखाव शुल्क नहीं लगता। इसके अलावा ऑनलाइन एनईएफटी/आरटीजीएस की भी सुविधा है।एसबीआई की ओर से दी जाने वाली ब्याज दरें नियमित बचत बैंक खातों और बीएसबीडी खातों पर समान होती हैं। बीएसबीडी खाते में 1 करोड़ रुपये जमा पर प्रति वर्ष 3.5 फीसद की दर से ब्याज और 1 करोड़ से ज्यादा के जमा पर प्रति वर्ष 4 फीसद की दर से ब्याज मिलता है।पंजाब नेशनल बैंक मुफ्त में एक साल तक के लिए 20 चेक वाला चेक बुक जारी करता है। इसके बाद चेक बुक पर सामान्य शुल्क लिए जाते हैं। बैंक की वेबसाइट के मुताबिक एक माह में रुपये जमा की संख्या की कोई सीमा नहीं होती है। इसके अलावा बीएसबीडी खाता धारकों को एक महीने में अधिकतम चार निकासी की अनुमति दी जाती है।पंजाब नेशनल बैंक की वेबसाइट के मुताबिक एटीएम (डेबिट कार्ड) की सुविधा बिना किसी शुल्क के मिलेगी। हालांकि, इस पर वार्षिक रखरखाव शुल्क वसूल किया जाएगा।पंजाब नेशनल बैंक में 50 लाख रुपये और उससे ज्यादा जमा पर 4 फीसद की दर से ब्याज मिलता है। वहीं 50 लाख तक की राशि पर 3.5 फीसद की दर से ब्याज मिलता है। एचडीएफसी बैंक सभी व्यक्तिगत खाता धारकों के लिए मुफ्त पासबुक सुविधा देता है, इसके अलावा ग्राहकों को ब्रांच से जाकर या एटीएम से मुफ्त में नकदी निकासी की सुविधा है। ग्राहकों को एटीएम/आरटीजीएस/एनईएफटी की भी सुविधा मिलती है।एचडीएफसी बैंक 50 लाख और उससे ऊपर के जमा रुपये पर 4 फीसद की दर से ब्याज देता है वहीं, 50 लाख तक के जमा पर 3.5 फीसद की दर से ब्याज दिया जाता है।