जैश के चार आत्मघाती आतंकियों को सेना ने मार गिराया, उड़ी कांड दोहराने आ रहे थे आतंकी

(न्यूज़ लाइव नाऊ) : सुरक्षाबलों ने सोमवार की तड़के उत्तरी कश्मीर में एलओसी के साथ सटे उड़ी( बारामुला) सेक्टर में घुसपैठ के एक प्रयास को नाकाम बनाते हुए जैश ए मोहम्मद के चार आत्मघाती आतंकियों को मार गिराया। यह आतंकी 18 सितंबर 2016 को उड़ी ब्रिगेड मुख्यालय पर हुए आतंकी हमले को दोहराने के लिए आ रहे थे। इस हमले में 19 सैन्यकर्मी शहीद हो गए थे।



राज्य पुलिस महानिदेशक डा एसपी वैद ने उड़ी सेक्टर में जैश के चार आत्मघाती आतंकियों के मारे जाने की पुष्टि करते हुए बताया कि यह चारों एक बड़ा हमला करने के लिए विशेष तौर पर सरहद पार से आ रहे थे। लेकिन सेना और पुलिस के संयुक्त कार्यदल ने इन्हें एलओसी पर ही मार गिराया।

राज्य पुलिस के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि मारे गए चारों आतंकियों के पास से भारी मात्रा में अत्याधुनिक हथियार, ग्रेनेड लांचर, ज्वलनशील पदार्थ, कुछ महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों के नक्शे भी मिले हैं। फिलहाल,पूरे इलाके में तलाशी अभियान चलाया जा रहाहै।

इस बीच, उड़ी से मिली जानकारी के मुताबिक खुफिया एजेंसियों ने सूचना दी थी कि जैश-ए-मोहम्मद के आतंकियों का एक आत्मघाती दस्ता उड़ी सेक्टर में घुसपैठ कर 18 सितंबर 2016 में उड़ी ब्रिगेड पर हुए हमले को दोहरा सकता है। इस सूचना पर सेना और पुलिस के एक संयुक्त कार्यदल ने उड़ी सेक्टर के सभी अग्रिम इलाकों में विशेष नाके लगाए हुए थे और आज तड़के दुलांजा गांव के पास सेना व पुलिस के एक संयुक्त कार्यदल ने एलओसी पार से आ रहे चार आत्मघाती आतंकियों को देख लिया।




जवानों ने उन्हें आत्मसमर्पण के लिए ललकारा। लेकिन आतंकियों ने फायरिंग कर दी और जवानों ने भी जवाबी फायर किया। इसके बाद वहां शुरु हुई मुठभेड़ जो सुबह सात बजे तक चली। मुठभेड़ समाप्त होने के बाद जब जवानों ने मुठभेड़स्थल की तलाशी ली तो उन्हें वहां गोलियों से छलनी चार आतंकियों के शव मिले।

Comments (0)
Add Comment