(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : यूरोप का सातवां सबसे छोटा देश लग्जमबर्ग अगले साल गर्मियों तक पब्लिक ट्रांसपोर्ट मुफ्त कर देगा। ऐसा करने वाला वह दुनिया का पहला देश होगा। इसके तहत लग्जमबर्ग में बस, ट्रेन और ट्राम से यात्रा करने वाले लोगों को किसी भी प्रकार का किराया नहीं देना होगा।इस देश की आबादी करीब 6 लाख है। कम आबादी होने के बावजूद यहां ट्रैफिक की समस्या बनी रहती है। इस कारण सरकार ने देश के पर्यावरण को बचाने और ट्रैफिक की समस्या से छुटकारा पाने के लिए ये खास योजना बनाई है।जेवियर बेटल ने बुधवार को लक्जमबर्ग के प्रधानमंत्री के तौर पर शपथ ली है। बेटल ने चुनाव अभियान में कहा था कि वे पब्लिक ट्रांसपोर्ट को मुफ्त कर देंगे।लक्जमबर्ग की राजधानी लक्जमबर्ग सिटी की यातायात व्यवस्था को दुनिया के सबसे खराब ट्रैफिक में से एक माना जाता है। एक लाख 10 हजार की आबादी वाले शहर में 4 लाख लोग काम करने के लिए आते हैं, जबकि देश की आबादी ही 6 लाख है। सरकार पहले ही 20 साल तक के स्टूडेंट्स के लिए मुफ्त ट्रांसपोर्ट की घोषणा कर चुकी है। सेकंडरी स्कूल के बच्चों को घर से स्कूल आने-जाने के लिए फ्री सर्विस शुरू की गई है। किसी भी व्यक्ति को 2 घंटे से ज्यादा की यात्रा करने के लिए 1.78 पाउंड (160 रुपए) ही चुकाने होंगे। यानी 2,590 वर्ग किमी क्षेत्रफल वाले देश को घूमने के लिए किसी व्यक्ति को 160 रु. ही चुकाने होंगे।लक्जमबर्ग में 2020 से सभी तरह की टिकट बंद कर दी जाएंगी। लिहाजा किराए के संग्रह और टिकट खरीद पर निगरानी रखने की बचत होगी। हालांकि, फ्री ट्रांसपोर्ट के लिए नीति कैसे तैयार होगी, सरकार ने फिलहाल तय नहीं किया है।