डीजल रिकॉर्ड हाई पर पहुंचा, पेट्रोल भी हुआ महंगा

16 जून 2017 से पहले महीने में दो बार ही कीमतों में संशोधन हुआ करता था

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : राजधानी दिल्ली समेत चार प्रमुख महानगरों में आज एक लीटर डीजल की कीमत रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गई। सरकारी तेल विपणन कंपनियों ने आज पेट्रोल एवं डीजल दोनों की ही कीमतों में इजाफा किया है। जानकारी के लिए आपको बता दें कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में रोजाना सुबह 6 बजे संशोधन होता है। 16 जून 2017 से पहले महीने में दो बार ही कीमतों में संशोधन हुआ करता था।आज एक लीटर डीजल की कीमत दिल्ली में 69.93 रुपये, मुंबई में 74.24 रुपये, कोलकाता में 72.78 रुपये और चेन्नई में 73.88 रुपये रही। वहीं एक लीटर पेट्रोल की कीमत दिल्ली में 78.30 रुपये, मुंबई में 85.72 रुपये, कोलकाता में 81.23 रुपये और चेन्नी में 81.35 रुपये रही है।पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बुधवार को भी इजाफा देखने को मिला था। ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी के लिए कच्चे तेल की लागत में हालिया बढ़ोतरी और देश में परिवहन ईंधन पर लगाया गया उच्च उत्पाद शुल्क काफी हद तक जिम्मेदार है।वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतें और अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया के स्थिति के आधार पर ही सरकारी तेल विपणन कंपनियां पेट्रोल एवं डीजल की कीमतों में संशोधन करती हैं। आईओसी, भारत पेट्रोलियम कॉर्प लिमिटेड (बीपीसीएल) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्प लिमिटेड (एचपीसीएल) देश की तीन प्रमुख सरकारी तेल विपणन कंपनियां हैं।मौजूदा समय में डब्ल्यूटीआई क्रूड की कीमत 69.65 डॉलर प्रति बैरल और ब्रेंट क्रूड की कीमत 77.28 डॉलर प्रति बैरल है। गौरतलब है कि भारत अपनी जरूरत के कच्चे तेल का 80 फीसद हिस्सा आयात करता है। गौरतलब है कि भारत के आयात बिल में पेट्रोल और डीजल की एक बड़ी हिस्सेदारी होती है।

Comments (0)
Add Comment