तृणमूल के गुंडों ने विद्यासागर की मूर्ति तोड़ी, हम पंचधातु की नई मूर्ति स्थापित करेंगे – पीएम मोदी

उन्होंने बंगाल में हुई हिंसा पर कहा कि टीएमसी के गुंडों ने ईश्वरचंद्र विद्यासागर की मूर्ति तोड़ी थी, हम वहां पंचधातु की मूर्ति स्थापित करेंगे।

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ)  : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को उत्तरप्रदेश के मऊ और चंदौली में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने बंगाल में हुई हिंसा पर कहा कि टीएमसी के गुंडों ने ईश्वरचंद्र विद्यासागर की मूर्ति तोड़ी थी, हम वहां पंचधातु की मूर्ति स्थापित करेंगे। मोदी आज उत्तरप्रदेश के बाद पश्चिम बंगाल के मथुरापुर और दमदम में भी सभाएं करेंगे।मोदी ने कहा, ‘‘वे महामिलावटी जो महीनेभर पहले तक मोदी हटाओ का राग अलाप रहे थे, वे आज बौखलाए हुए हैं। उनकी पराजय पर देश ने मुहर लगा दी है। उत्तरप्रदेश ने तो इनका सारा गुणा-गणित ही बिगाड़ दिया है। सपा-बसपा ने जातिवाद के आधार पर गठबंधन की कोशिश की। एसी रूम में बैठे नेता अपने कार्यकर्ता को भी भूल गए। दोनों पार्टियों के कार्यकर्ता एक दूसरे पर हमले कर रहे हैं। इन्होंने (सपा-बसपा) कुछ जातियों को अपना गुलाम समझ लिया था। 2014 (लोकसभा चुनाव), 2017 (उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव) में दूसरी बार समझाने के बाद अब 2019 में उत्तरप्रदेश तीसरी बार इन दलों को जरा ठीक से समझाने जा रहा है कि जातियां आपकी गुलाम नहीं है। लोग यह समझते हैं कि वोट विकास के लिए। वोट देश के विकास के लिए दिया जाता है। इन लोगों जाति के नाम पर सिर्फ सत्ता हासिल की। फिर उसका उपयोग बंगले बनाने और रिश्तेदारों को करोड़पति-अरबपति बनाने में किया।’’

मोदी ने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक का विरोध, एयर स्ट्राइक का विरोध, घुसपैठियों की पहचान का विरोध, नागरिकता कानून का विरोध, तीन तलाक के कानून का विरोध, ओबीसी आयोग को संवैधानिक दर्जा देने का विरोध, कदम कदम पर मोदी का विरोध करना सिर्फ यही इनका मॉडल है। उन्होंने कहा कि सपा बसपा के राज में बिजली भी वोट बैंक के हिसाब से दी जाती थी। लेकिन हमने इस परिभाषा को बदलने का काम किया। उन्होंने कहा- भारत का खाकर पाकिस्तान के गुण गाने वाले अलगाववादियों के साथ हम सख्ती से निपट रहे हैं।

Comments (0)
Add Comment