दिल्ली: दिल्ली के इंदिरा गांधी हवाई अड्डे पर मंगलवार को एक महिला यात्री के साथ एयरपोर्ट कर्मचारी द्वारा दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। हालांकि घटना के बारे में एयरपोर्ट प्रशासन का कहना है कि महिला यात्री ने कर्मचारी को चांटा मारा जिसके बाद विवाद बढ़ गया।
शहर के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर मंगलवार सुबह एक महिला यात्री और एयर इंडिया की एक ड्यूटी मैनेजर के बीच मारपीट हो गई।टिकट के विवाद पर एक महिला पैसेंजर ने एयर इंडिया के स्टाफ को थप्पड़ मार दिया। महिला यात्री को देर से आने पर बोर्डिंग करने से मना कर दिया गया जिसके बाद यह घटना हुई।
महिला एयर इंडिया की दिल्ली-अहमदाबाद फ्लाइट से जाने वाली थी जिसके रवाना होने का समय सुबह 5 बजे था लेकिन वह उड़ान के निकलने से करीब 40 मिनट पहले चेक-इन काउंटर पर पहुंची जबकि इसके लिए 75 मिनट पहले पहुंचना जरूरी था।
महिला यात्री और कर्मचारी ने एक-दूसरे को मारा चांटा
एयरपोर्ट प्रशासन का कहना है कि महिला विमान के उड़ान भरने निश्चत समय से देर से एयरपोर्ट पहुंची जिसके कारण उसकी फ्लाइट मिस हो गई। इस दौरान महिला की एयरपोर्ट प्रशासन के कर्मचारी से बहस होने लगी। मुद्दे को लेकर बहस के बाद यात्री को एयर इंडिया की ड्यूटी मैनेजर के पास जाने के लिए कहा गया। वहां उसकी ड्यूटी मैनेजर से तीखी बहस हुई जिसके बाद यात्री ने मैनेजर को थप्पड़ मारा और जवाब में मैनेजर ने भी थप्पड़ मार दिया। बाद में दोनों ने एक दूसरे से माफी मांगी और मुद्दे का दोस्ताना तरीके से हल हो गया।
टिकट पर हुआ था विवाद
एयर इंडिया के एक प्रवक्ता ने कहा कि काउंटर पर कार्यरत एक कर्मचारी ने महिला यात्री को बताया कि वह चेक-इन नहीं कर सकती क्योंकि वह उड़ान के लिए देरी से पहुंची है। इसके बाद दोनों में बहस शुरू हो गई। हालांकि एयरपोर्ट प्रशासन और पुलिस की मदद से मामले को सुलझा लिया गया है और घटना की जांच की जा रही है।
एक पुलिस अधिकारी के अनुसार यात्री ने कथित रूप से ड्यूटी मैनेजर को थप्पड़ जड़ दिया। हवाईअड्डे के पुलिस उपायुक्त संजय भाटिया ने कहा कि एक महिला यात्री को एयर इंडिया की उड़ान संख्या एआई 019 से सुबह 5 बजे अहमदाबाद जाना था। वह चेक-इन के लिए तड़के 4.18 मिनट पर पहुंची और उसे बोर्डिंग करने से रोक दिया गया। इसके बाद उसके और एयर इंडिया की एक महिला कर्मचारी के बीच बहस हुई और यात्री ने कर्मचारी को थप्पड़ मार दिया। बदले में महिला कर्मचारी ने भी उसे थप्पड़ जड़ा।