दिल्ली के चीफ सेक्रेटरी अंशु प्रकाश का आरोप, केजरीवाल के घर पर आप विधायकों ने उन पर किया हमला

अंशु प्रकाश का कहना है कि सोमवार शाम को केजरीवाल के सामने आप विधायकों ने थप्पड़ मारा और अपशब्द कहा।

(एनएलएन मीडिया-न्यूज़ लाइव नाऊ) :  दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार अब एक नए विवाद में फंस गई है। दिल्ली के मुख्य सचिव अंशु प्रकाश ने आम आदमी पार्टी के दो विधायकों पर हाथापाई और बदसलूकी का आरोप लगाया है। अंशु प्रकाश का कहना है कि सोमवार शाम को केजरीवाल के सामने आप विधायकों ने थप्पड़ मारा और अपशब्द कहा। इस मामले में आइएएस एसोसिएशन के हड़ताल पर जाने से दिल्‍ली में संवैधानिक संकट की स्थिति उत्‍पन्‍न हो गई है।हालांकि, मुख्‍यमंत्री  केजरीवाल के ऑफिस ने ऐसी किसी भी घटना से साफ इनकार किया है। उधर, घटना पर विरोध जताते हुए दिल्ली में आइएएस असोसिएशन ने हड़ताल पर जाने का ऐलान कर दिया है। एसोसिएशन ने इस मामले में विधायकों की गिरफ्तारी की मांग की है। आइएएस एसोसिएशन ने कहा है कि जब तक विधायक माफी नहीं मांगेंगे तब तक वे काम नहीं करेंगे।इस बीच दिल्ली प्रशासनिक अधीनस्थ सेवा के संघ ने भी हड़ताल पर जाने का ऐलान कर दिया। संघ के अध्यक्ष डीएन सिंह ने पूरी घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि हम मुख्य सचिव अंशु प्रकाश के साथ तत्काल प्रभाव से हड़ताल पर जा रहे हैं। डीएन सिंह ने यह भी कहा कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो जाती तब तक हड़ताल जारी रहेगी।

Comments (0)
Add Comment