दिल्ली में प्रदूषण बढ़ने के आसार, दिल्ली-NCR पर नजर रखने को 41 टीमें तैनात

संबंधित विभागों को अलर्ट भी जारी कर दिया जाएगा, ताकि वे समय रहते लोगों के बचाव को लेकर जरूरी कदम उठा सकें

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : मौसम में बदलाव के साथ दिल्ली-एनसीआर की आबोहवा बिगड़ने लगी है। इसी के साथ सरकार भी अलर्ट हो गई है। हालांकि इसे लेकर बड़े-बड़े दावे करने वालों के हौंसले डगमगाने लगे है। इसका अंदाजा केंद्रीय पर्यावरण मंत्री डॉ. हर्षवर्धन के बयान से लगाया जा सकता है। उन्होंने समाज को आगे आने की गुहार लगाई है। साथ ही कहा कि सरकार इसे लेकर सभी तरह के जरूरी कदम उठा रही है।डॉ. हर्षवर्धन ने वायु गुणवत्ता का पूर्वानुमान बताने के लिए विकसित की गई एक नई प्रणाली भी सोमवार को लांच की। इसकी मदद से वायु गुणवत्ता के खतरनाक स्थिति में आने से 72 घंटे पहले ही चेतावनी जारी कर दी जाएगी। संबंधित विभागों को अलर्ट भी जारी कर दिया जाएगा, ताकि वे समय रहते लोगों के बचाव को लेकर जरूरी कदम उठा सकें।इस प्रणाली को भारतीय उष्णदेशीय मौसम विज्ञान संस्थान (आइआइटीएम) पुणे, भारतीय मौसम विभाग और मध्यम श्रेणी के मौसम पूर्वानुमान के लिए राष्ट्रीय केंद्र (एनसीएमआरडब्लूएफ) ने मिलकर संयुक्त रूप से विकसित किया है। इसकी मदद से अभी सिर्फ दिल्ली व आसपास के क्षेत्रों की वायु गुणवत्ता का अनुमान लगाया जा सकेगा। बाद में इसका अन्य शहरों में विस्तार किया जाएगा।केंद्रीय मंत्री ने दिल्ली में जारी किए गए अलर्ट की जानकारी भी दी और कहा कि सोमवार से इस पर अमल शुरू हो गया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की 41 टीमों को दिल्ली-एनसीआर की स्थिति पर नजर रखने के लिए उतारा गया है। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे हवा की स्थिति बिगड़ेगी, उसी के अनुरूप दूसरे जरूरी कदम भी उठाए जाएंगे।15 अक्टूबर से बदरपुर ताप बिजली संयंत्र को बंद करने को कह दिया गया है। मशीनों से सफाई और पानी के छिड़काव के भी निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने पराली से निपटने के लिए उठाए गए जरूरी कदमों को लेकर फिर संतोष जताया है। उन्होंने कहा कि इससे पिछले साल के मुकाबले इस बार पराली जलाने की घटनाओं ने कमी दिखेगी। मंत्रालय ने केंद्रीय विद्यालय संगठन और नवोदय विद्यालय को जागरूकता फैलाने की दिशा में काम करने को कहा है।

Comments (0)
Add Comment