(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : दिल्ली-NCR समेत पूरे उत्तर भारत में मौसम ने करवट बदल ली है। हिमालयी राज्यों में बारिश के साथ बर्फबारी हुई है, तो वहीं मंगलवार सुबह दिल्ली और एनसीआर के नजारे ने लोगों को हैरान कर दिया। दिल्ली और उससे सटे नोएडा, गाजियाबाद, गुड़गांव और फरीदाबाद में सुबह नौ बजे ऐसा अंधेरा छाया, मानों जैसे अभी भी रात हो। सड़कों पर वाहन हेडलाइट्स जलाकर चलने लगे। मौसम का असर ट्रेनों और फ्लाइट्स पर भी देखा जा रहा है। दिल्ली से चलने वालीं करीब 15 ट्रेनें लेट हैं।दिल्ली-NCR में बारिश की शुरुआत सोमवार शाम से हो गई थी। मंगलवार देर रात से फिर बादल बरसने लगे, जिससे ठिठुरन बढ़ गई। सुबह दिल्ली के सुभाषनगर और गुड़गांव में बारिश के साथ ओले भी पड़े। दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद में सड़कों पर पानी भरा हुआ भी नजर आ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में अगले चार दिन मौसम ऐसा ही बना रहेगा। सोमवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 22.6 डिग्री रहा जो सामान्य से एक डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान भी बढ़कर 11.5 डिग्री तक रहा जो सामान्य से 4 डिग्री अधिक है। दोपहर 12 बजे के बाद मौसम में काफी बदलाव हुए और कई क्षेत्रों में बादल घने हो गए जिसकी वजह से लोगों को दोपहर में लाइटें जलानी पड़ीं। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को बारिश कम हुई लेकिन आज हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हवा में नमी का स्तर 66 से 98 पर्सेंट तक रहा, वहीं तापमान 20 और 11 डिग्री रह सकता है। इसके बाद न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आएगी। इस हफ्ते अधिकतम तामपान भी 19 से 21 डिग्री के आसपास ही बना रहेगा। रविवार को तापमान ने कई रेकार्ड तोड़ दिए थे, तापमान 28.7 डिग्री तक जा पहुंचा था। पिछले 12 सालों में जनवरी में कभी इतना टेंपरेचर नहीं रहा। सोमवार को सबसे अधिक बारिश पालम में 2.8 एमएम, सफदरजंग में 1.2 एमएम, लोदी रोड में 0.8 एमएम, रिज और आया नगर में 0.6 एमएम हुई। इस बार बारिश की कमी की वजह से दिल्ली में कोहरा भी नहीं पड़ा है। स्काइमेट के अनुसार 22 सालों के दौरान इस सीजन में सबसे कम कोहरा देखने को मिला है।