(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : कुवैत में एक दुल्हन ने शादी के महज तीन मिनट बाद ही पति को तलाक दे दिया। इसे दुनिया की सबसे छोटी चलने वाली शादी माना जा रहा है। दरअसल कुवैत सिटी की एक कोर्ट में शादी के लिए दूल्हा-दुल्हन पहुंचे थे। इस दौरान दुल्हन फिसलकर गिर गई। लड़की के फिसलने के बाद ही लड़के ने उसे स्टूपिड (बेवकूफ) कह दिया। दुल्हे का यह कहना दुल्हन को बहुत नागवार गुजरा। इससे नाराज लड़की ने शादी के कागजात पर दस्तखत तो किए, लेकिन तीन मिनट बाद ही जज से इस शादी को वहीं के वहीं रफा-दफा करने के लिए कह दिया। दोनों ने जज के सामने ही शादी के कागजात पर दस्तखत किए थे। वहां से बाहर निकलते हुए दुल्हन का पैर फिसल गया और वह गिर गई। इस दौरान पति के अपशब्दों से आहत होकर महिला ने उस शादी को वहीं खत्म करने के लिए कहा। इस घटना के बाद सोशल मीडिया में कई लोगों ने महिला के साथ सहानुभूति जताई और उसके समर्थन में उतर गए। कई लोगों ने कहा कि महिला सही थी और उसने सही फैसला किया। सोशल मीडिया ट्विटर पर एक यूजर ने कहा कि शादी की शुरुआत में ही यदि पति इस तरह की हरकत करता है, तो उसे छोड़ देना ही अच्छा है। एक अन्य यूजर ने लिखा कि जिस शादी में सम्मान नहीं है, वह शुरुआत से ही असफल हो जाती है।