देश लूटने वालों को मोदी से डरना ही होगा : पीएम मोदी

यह बयान खासतौर पर इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि राबर्ट वाड्रा से इडी की पूछताछ को कांग्रेस राजनीतिक हथकंडा बता रही है तो कुछ ही दिन पहले कोलकाता में ममता बनर्जी ने भी पुलिस आयुक्त के बचाव में बड़ा राजनीतिक तूफान खड़ा किया था।

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : आगामी चुनाव से पहले लोकसभा के अंदर संभवत: अपने आखिरी भाषण में ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पष्ट कर दिया है कि भाजपा का चुनावी अभियान बहुत हमलावर होने वाला है। विपक्ष के हर आरोप का जमकर जवाब भी दिया जाएगा, विकास के आंकड़ों पर खुद को आगे भी रखा जाएगा और सबसे आगे यह साफ किया जाएगा कि भ्रष्टाचार करने वालों को मोदी से डरना ही होगा। यह बयान खासतौर पर इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि राबर्ट वाड्रा से इडी की पूछताछ को कांग्रेस राजनीतिक हथकंडा बता रही है तो कुछ ही दिन पहले कोलकाता में ममता बनर्जी ने भी पुलिस आयुक्त के बचाव में बड़ा राजनीतिक तूफान खड़ा किया था।मोदी ने यह साफ कर दिया है कि जांच न सिर्फ चलती रहेगी बल्कि चुनाव में भी भ्रष्टाचार बड़ा मुद्दा रहेगा। अवसर तो था राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का, लेकिन लगभग पौने दो घंटे के जवाब में प्रधानमंत्री ने एक तरह से चुनावी शंखनाद ही कर दिया।राफेल से लेकर रोजगार तक, नोटबंदी से लेकर जीएसटी तक न सिर्फ हर मुद्दे का जवाब दिया बल्कि कांग्रेस के 55 साल बनाम मोदी के 55 महीने का आंकड़ा देते हुए यह भी जताया कि इन वर्षो मे ही देश को सही दिशा भी मिली और गति भी। सीधे तौर पर युवा मतदाताओं से अपील भी की गई कि देश निर्माण में वह बढ़-चढ़ कर हिस्सा लें और देश के गरीबों के साथ खुद को जोड़ते हुए कहा कि कांग्रेस उन्हें नहीं पचा पा रही है। ध्यान रहे कि पिछले चुनाव में भी ‘चायवाले’ ने कमाल कर दिया था। उनके भाषण का संदेश साफ साफ था- विपक्ष के आरोपों का आंकड़ों के साथ जवाब दिया जाएगा और भ्रष्टाचार पर हमला तेज रहेगा।

Comments (0)
Add Comment