(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : अलीगढ़: शहर के स्थानीय पत्रकार गुरुवार को उस वक्त हैरान रह गए जब उन्हें जिला पुलिस से एक एनकाउंटर को लाइव कवर करने का निमंत्रण मिला। पत्रकारों से हरदुआगंज के मछुआ गांव पहुंचने को कहा गया। यह खबर जंगल में आग की तरह फैली और महज कुछ मिनटों में एनकाउंटर साइट पर तमाम स्थानीय और राष्ट्रीय स्तर के पत्रकारों का जमावड़ा लगा था। यह ऐसा शायद देश का पहला एनकाउंटर रहा होगा जहां मीडिया को बाकायदा न्योता देकर बुलाया गया हो। पुलिस ने कुछ देर तक चले इस एनकाउंटर में दो अपराधियों मुस्तकीम और नौशाद को मार गिराया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन दोनों पर छह लोगों की हत्या का आरोप था, साथ ही साथ ये दो साधुओं की हत्या से जुड़े हुए बताए गए। अलीगढ़ के एसपी सिटी अतुल श्रीवास्तव ने टीओआई से बताया, ‘मुस्तकीम और नौशाद ने पुलिस टीम पर फायरिंग की थी। बाद में जब इनका पीछा किया गया तो ये यहां आकर एक सरकारी बिल्डिंग में छुप गए।’ पत्रकारों को बुलाए जाने के बारे में पूछने पर एसएसपी अजय साहनी ने कहा, ‘इसमें कुछ गलत नहीं है। हम चाहते थे कि मीडिया को एनकाउंटर से जुड़ी हर जानकारी सबसे पहले मिले।’ उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि पुलिस को मीडिया के साथ एनकाउंटर से जुड़ी हर डिटेल शेयर करने के ऑर्डर ‘ऊपर’ से मिले हैं। उन्होंने कहा, ‘हम सब कुछ पारदर्शी रखना चाहते थे। कुछ भी छुपाया नहीं गया। यहां जो भी फोटो और विडियो लेना चाहता था, उसे इसकी पूरी आजादी थी।’