भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व ऑलराउंडर कपिल देव अब महेंद्र सिंह धोनी के समर्थन में आ गए हैं। कपिल देव का कहना है कि धोनी भारत के सबसे सफल विकेटकीपर हैं। उनका कहना है कि विकेटों के पीछे स्टंपिंग के मामले में माही से बेहतर और कोई नहीं है। हर बार टीम को मैदान पर अच्छा प्रदर्शन नहीं करने के उन्हें दोषी ठहराना उचित नहीं है। कपिल देव ने ये भी कहा है कि विराट कोहली को उनका बचाव करने की जरूरत नहीं।
बता दें कि वीवीएस लक्ष्मण और अजित अगरकर सहित कुछ पूर्व भारतीय खिलाड़ियों ने हाल में टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में धोनी के करियर पर सवाल उठाया था।
कपिल देव इस मामले पर धोनी का पक्ष लेते हुए मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर का उदाहरण दे चुके हैं। उन्होंने कहा कि मुझे समझ में नहीं आ रहा कि कुछ औसत प्रदर्शन के बाद कुछ लोग इस तरह की बातें क्यों कर रहे हैं। निश्चित रूप से उम्र का इससे कोई संबंध नहीं है।
गौरतलब है कि कपिल देव के अलावा भारत के मुख्य कोच रवि शास्त्री ने भी एक बार फिर महेंद्र सिंह धोनी का समर्थन करते हुए कहा है कि दो बार के विश्व कप विजेता कप्तान पर टिप्पणी करने से पहले लोगों को अपने करियर को देखना चाहिए।