नवाज़ शरीफ ने जेल में केक काटा, मनाया पाक का स्वतंत्रता दिवस

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ, उनकी बेटी मरयम और दामाद मुहम्मद सफदर ने मंगलवार को जेल में केक काटकर अपने मुल्क का स्वतंत्रता दिवस मनाया

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ, उनकी बेटी मरयम और दामाद मुहम्मद सफदर ने मंगलवार को जेल में केक काटकर अपने मुल्क का स्वतंत्रता दिवस मनाया। तीनों भ्रष्टाचार के एक मामले में जेल की सजा काट रहे हैं। शरीफ और उनके पारिवारिक सदस्यों पर भ्रष्टाचार के दो अन्य मुकदमे चल रहे हैं। बुधवार को इन मामलों में शरीफ को राष्ट्रीय जवाबदेही ब्यूरो (एनएबी) की अदालत में पेश किया गया।पाकिस्तान का 72वां स्वतंत्रता दिवस भारत से एक दिन पहले मंगलवार को मनाया गया। डॉन अखबार ने एक जेल अधिकारी के हवाले से लिखा है कि इस मौके पर तीन केक मंगाए गए थे और इनका भुगतान पूर्व प्रधानमंत्री ने किया था। शरीफ ने कैदियों के आग्रह पर केक काटा और भाषण भी दिया।एनएबी अदालत ने लंदन में चार लक्जरी फ्लैट खरीदने से जुड़े भ्रष्टाचार के पहले मामले में गत छह जुलाई को शरीफ को दस, बेटी मरयम को सात और दामाद सफदर को एक साल जेल की सजा सुनाई थी। तीनों रावलपिंडी की अदियाला जेल में बंद हैं।शरीफ परिवार के खिलाफ अजीजिया स्टील मिल्स और हिल मेटल कंपनी से जुड़े भ्रष्टाचार के दो अन्य मामले चल रहे हैं। एनएबी कोर्ट के जज अरशद मलिक ने पिछली सुनवाई पर इन मामलों के जांच अधिकारियों को भी बुधवार को अदालत में पेश होने के लिए समन जारी किया था।

Comments (0)
Add Comment