कुल्लू:अंतर्राष्ट्रीय मादक द्रव्य निवारण दिवस के उपलक्ष्य पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ढालपुर में एक जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शालिनी अग्निहोत्री ने कहा कि नशा एक बहुत ही गंभीर समस्या है और युवाओं को इससे दूर रहना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों की विस्तार से जानकारी दी तथा इसको समाप्त करने के लिए आगे आने की अपील की। जिला कल्याण अधिकारी समीर, नेहरू युवा केंद्र के जिला समन्वयक लाल सिंह और प्रधानाचार्य प्रेम ठाकुर ने भी विद्यार्थियों को नशे के विरुद्ध जागरुक किया।
कार्यक्रम के दौरान भाषण और चित्रकला प्रतियोगिता भी करवाई गई। इन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत भी किया गया। इस मौके पर तहसील कल्याण अधिकारी चंदनवीर सिंह और स्कूल के शिक्षक भी उपस्थित थे।