(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : नाइजीरिया के राष्ट्रपति मुहम्मदू बुहारी ने उनकी सेहत को लेकर फैलाई जा रहीं अफवाहों को खारिज किया है। सोशल मीडिया पर लोग कह रहे थे कि बुहारी की मौत हो चुकी है और उनकी ही शक्ल के एक बहुरूपिए को कुर्सी पर बैठा दिया गया है जो सूडान का रहने वाला है।न्यूज एजेंसी के मुताबिक, बुहारी रविवार को पोलैंड के कैटोविस में संयुक्त राष्ट्र की सीओपी 24 जलवायु शिखरवार्ता में शामिल होने पहुचे थे। यहां उन्होंने नाइजीरिया मूल के लोगों से मुलाकात के दौरान कहा, ‘‘यह मैं ही हूं, आपको यकीन दिलाता हूं। जल्द ही मैं अपना 76वां जन्मदिन मनाऊंगा। मैं अब भी मजबूती से काम करुंगा।’सोशल वेबसाइट पर लोग दावा कर रहे हैं कि नाइजीरिया में राष्ट्रपति बुहारी का काम संभाल रहा व्यक्ति उनका हमशक्ल सूडान का रहने वाला जुबरिल है। बुहारी के प्रवक्ता गरबा शेहू ने राष्ट्रपति के हवाले से कहा- कई लोगों को लगा कि खराब सेहत के दौरान मेरी मौत हो गई। कुछ लोग तो इस पर चर्चा के लिए उप राष्ट्रपति के पास पहुंचे। बुहारी ने पिछले साल इलाज के लिए पांच महीने ब्रिटेन में बिताए थे। हालांकि, बीमारी क्या है यह नहीं बताया गया। तभी से उनकी मौत की खबरें आती रही हैं। इस पर सूचना मंत्री अल्हाजी लाई मुहम्मद ने कहा कि कोई भी संजीदा सरकार इस अफवाह पर ध्यान नहीं देना चाहेगी।बुहारी नाइजीरिया की सेना से मेजर जनरल के पद से रिटायर हुए थे। वे 31 दिसंबर 1983 से 27 दिसंबर 1985 तक हेड ऑफ द स्टेट के पद पर भी रहे हैं।