नाबालिग से रेप के केस में योगी सरकार सख्त ,केंद्र को भेजा प्रस्ताव

महिला हेल्प लाइन 1090 को और अधिक प्रभावी बनाकर इसे यूपी 100 और एंटी रोमियो स्क्वॉड से जोड़ा जाएगा।साथ ही डीआईजी, आईजी और एडीजी तक को जिलों का दौरा कर कानून व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं का समाधान करने के लिए कहा गया है।

(एनएलएन मीडिया-न्यूज़ लाइव नाउ): कठुआ और उन्नाव गैंगरेप केस के खिलाफ देशभर में उबाल को देखते हुए यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार महिला सुरक्षा को एक्शन मोड में दिख रही है। राज्य सरकार नाबालिग से रेप पर फांसी की सजा के लिए केंद्र सरकार से कानून बनाने का प्रस्ताव भेजेगी। बता दें कि कुछ ऐसी ही मांग मध्य प्रदेश की शिवराज सरकार, केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी भी कर चुकी हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ ने समीक्षा बैठक में ये फैसला लिया है। उन्होंने ये भी कहा है कि ध्यान रखा जाएगा कि कोई भी दागी पुलिसकर्मी थानाध्यक्ष नहीं बने। सीएम योगी ने एसओ से लेकर एसएसपी तक के पुलिस अधिकारियों को नियमित पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए हैं। साफ किया है कि महिला सुरक्षा के लिए हर जिले में बीट इंचार्ज से लेकर एसएसपी तक की जवाबदेही तय होगी। महिला हेल्प लाइन 1090 को और अधिक प्रभावी बनाकर इसे यूपी 100 और एंटी रोमियो स्क्वॉड से जोड़ा जाएगा।साथ ही डीआईजी, आईजी और एडीजी तक को जिलों का दौरा कर कानून व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं का समाधान करने के लिए कहा गया है। उन्नाव केस के मुख्य आरोपी बीजेपी विधायक कुलदीप सिंह सेंगर फिलहाल कानून की गिरफ्त में हैं। लेकिन इस मामले में राज्य सरकार की खूब किरकिरी हुई। गैंगरेप पीड़िता की गुहार के बावजूद काफी दिनों तक आरोपी विधायक पर FIR तक दर्ज नहीं किया जा सका, वो घूम-घूमकर टीवी चैनलों पर इंटरव्यू दे रहा था। इस बीच जेल में पीड़िता के पिता की मौत हो गई, आरोप एक बार फिर विधायक पर लगे। इस विधायक के प्रोफाइल की बात करें तो दलबदलू नेता के नाम से भी चर्चित है। कुलदीप सेंगर ने यूथ कांग्रेस से राजनीति की शुरूआत की और 2002 में भगवंत नगर से बीएसपी के टिकट पर विधायक बने। इन्हें रघुराज प्रताप सिंह राजा भईया का बेहद करीबी माना जाता है। फिलहाल, कुलदीप सेंगर उन्नाव जिले की बांगरमऊ सीट से विधायक हैं।

Comments (0)
Add Comment