अहमदाबाद: आनंदीबेन पटेल के इस्तीफे के बाद गुजरात का अगला सीएम कौन होगा? इसे लेकर तस्वीर साफ हो गई है. बीते दो दिन से बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह पार्टी नेताओं से गहन बैठक कर रहे हैं और फैसले तक पहुंच गए हैं और महज़ एलान बाकी रह गया है. सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक नितिन पटले का सीएम बनना तय माना जा रहा है. आज शाम 4 बजे अमित शाह इसका एलान कर सकते हैं.
एबीपी न्यूज़ संवाददाता ब्रजेश कुमार सिंह का कहना है कि सूत्रों से जो जानकारी मिली है, उससे जाहिर हो रहा है कि नितिन पटेल के नाम पर पूरी सहमति बन गई है और एलान महज़ औपचारिकता रह गई है.
अमित शाह बीते दो दिन से गुजरात में डेरा डाले हुए हैं और गुरुवार को उन्होंने इसे लेकर पार्टी के नेताओं के साथ गहन बैठक की.
इससे पहले, बीजेपी के संसदीय बोर्ड ने दिल्ली में बुधवार हुई बैठक में मुख्यमंत्री पद से आनंदीबेन का इस्तीफा स्वीकार कर लिया था.
गुजरात बीजेपी के अध्यक्ष और प्रदेश के परिवहन मंत्री विजय रूपानी के मुताबिक शुक्रवार शाम गांधीनगर स्थित बीजेपी मुख्यालय में पार्टी के विधायकों और पदाधिकारियों की बैठक होगी और वहीं नए मुख्यमंत्री की घोषणा होगी.
अमित शाह के आवास पर हुई लंबी चर्चा के बाद रूपानी ने गुरुवार को कहा, ‘‘अमित शाह के अलावा, पार्टी के सभी विधायक, पदाधिकारी और हमारे पर्यवेक्षक नितिन गडकरी और सरोज पांडेय बैठक में शामिल होंगे.’’
गुरुवार सुबह पहुंचे अमित शाह अपने आवास पर प्रदेश बीजेपी के नेताओं और मंत्रियों के साथ बैठकों में व्यस्त रहे.
कौन-कौन हैं दावेदार
मुख्यमंत्री पद के मुख्य दावेदार माने जा रहे स्वास्थ्य मंत्री नितिन पटेल गुजरात बीजेपी के अध्यक्ष और प्रदेश के परिवहन मंत्री विजय रूपानी के साथ हुई पार्टी अध्यक्ष अमित शाह की बैठक में भी शामिल थे.
संवाददाताओं के करने पर कि क्या वह मुख्यमंत्री पद स्वीकार करेंगे, सीधा जवाब देने से बचते हुए पटेल ने कहा, ‘‘पार्टी जिसे भी चुने, हम सभी साथ मिलकर काम करेंगे.’’
मुख्यमंत्री पद के लिए जिनके नाम सामने आ रहे हैं वे हैं कैबिनेट में नंबर दो नितिन पटेल, केन्द्रीय मंत्री पुरूषोत्तम रूपला और विधानसभा अध्यक्ष और आदिवासी नेता गनपत वासवा.
पहले रूपानी का नाम भी सामने आया था लेकिन उन्होंने कल संकेत दिया कि वह इस दौड़ में शामिल नहीं हैं और वर्तमान काम से बहुत संतुष्ट हैं. इसके बाद नितिन पटेल मजबूत दावेदार बनकर उभरे हैं.