(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : भारतीय सैन्य प्रतिष्ठानों पर बुधवार को हमले की नाकाम कोशिश के बाद से पाकिस्तान लगातार झूठ पर झूठ बोलता आ रहा है। उसका अब एक और झूठ बेनकाब हुआ है कि भारतीय वायुसेना की जवाबी कार्रवाई में उसका कोई विमान नहीं गिराया गया है। पाकिस्तान के उस F-16 लड़ाकू विमान के मलबे की तस्वीरें सामने आई हैं, जिन्हें बुधवार को भारतीय वायुसेना ने मार गिराया था। न्यूज एजेंसी एएनआई ने एक तस्वीर जारी की है, जिसमें विमान के मलबे के पास पाकिस्तान के 7 नॉर्दर्न लाइट इन्फैंट्री के अधिकारी खड़े हैं। इंडियन एयरफोर्स के तमाम सूत्रों ने इस बात की पुष्टि की है कि यह मलबा उसी F-16 विमान का है, जिसे मार गिराया गया था और जिसका मलबा POK में गिरा था।पाकिस्तान न सिर्फ अपने किसी विमान को मार गिराए जाने से इनकार कर रहा है, बल्कि उसकी सेना के प्रवक्ता ने तो यहां तक झूठ बोला कि बुधवार को F-16 का इस्तेमाल हुआ ही नहीं। तस्वीर से बेशर्म पाकिस्तान के इस झूठ की पोल खुल रही है। मलबा F-16 का ही है, इसमें किसी शक की गुंजाइश नहीं बची है। ANI ने F-16 के इंजन की एक फाइल तस्वीर भी शेयर की है, जो मलबे में दिख रही तस्वीर जैसी ही है। तस्वीर में दिख रहा मलबा F-16 के इंजन का हिस्सा है। पाकिस्तान स्थित जैश-ए-मोहम्मद के ट्रेनिंग सेंटर पर भारतीय वायुसेना के हमले के बाद से ही पाकिस्तानी मीडिया इमरान सरकार की तरह ही लगातार झूठ परोस रहा है। पाकिस्तानी मीडिया में F-16 के मलबे को भारतीय मिग-21 का बताया जा रहा है। जबकि साफ-साफ वह F-16 के इंजन का हिस्सा दिख रहा है। बता दें कि बुधवार को पाकिस्तान ने 10 F-16 विमानों के जरिए भारतीय सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने की कोशिश की थी लेकिन भारतीय वायुसेना ने न सिर्फ उन्हें खदेड़ दिया, बल्कि एक F-16 को मार भी गिराया। उसका मलबा POK में गिरा। विदेश मंत्रालय ने बुधवार को अपनी ब्रीफिंग में भी बताया कि एक F-16 को मार गिराया गया जो POK में गिरा और पायलट को पैराशूट से उतरते देखा गया।