पश्चिम बंगाल में चुनावी हिंसा, बीजेपी कैंडिडेट भारती घोष की गाड़ी पर हमला

पश्चिम बंगाल में लोकसभा चुनाव के लिए छठे चरण के मतदान के दौरान हिंसा

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : पश्चिम बंगाल में छठे चरण की वोटिंग के दौरान भी हिंसा की खबरें हैं। घाटल से बीजेपी कैंडिडेट भारती घोष पर टीएमसी समर्थकों ने हमला कर दिया वहीं, बंगाल के बीजेपी चीफ दिलीप घोष पर भी हमले की कोशिश की गई। भारती की गाड़ी तोड़ दी गई थी और उन्हें एक मतदान केंद्र पर जाने नहीं दिया जा रहा था। इस पूरे घटनाक्रम पर डीएम से चुनाव आयोग ने रिपोर्ट मांगी है। उधर, वोटिंग से पहले शनिवार रात बीजेपी और टीएमसी के एक-एक कार्यकता का शव मिला है। बता दें कि रविवार को छठे चरण का मतदान हो रहा है। इसमें कुल 59 सीटों पर चुनाव है, जिसमें पश्चिम बंगाल की भी 8 सीट शामिल हैं।पश्चिम बंगाल में चुनाव के दौरान हिंसा की कई घटनाएं हुई हैं। घाटल में बीजेपी उम्मीदवार के काफिल पर हमले की खबरों पर प्रदेश के मुख्य चुनाव अधिकारी ने घाटल के डीएम से रिपोर्ट मांगी है। बीजेपी ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि प्रदेश में लोकतंत्र का गला घोंटा जा रहा है। पश्चिम बंगाल के बीजेपी चीफ ने भी रामपुरा के बूथ में टीएमसी कार्यकर्ताओं पर हिंसा का आरोप लगाया। पश्चिम बंगाल बीजेपी चीफ दिलीप घोष ने कहा कि रामपुरा में कल से ही हमारे कार्यकर्ताओं को धमकाया जा रहा है। मैं अपने कार्यकर्ताओं से मिलने यहां आया था। टीएमसी कार्यकर्ताओं ने हम पर हमला किया और हमें बूथ के अंदर जाने से रोका जा रहा है। टीएमसी के लोग लोगों को वोटिंग करने से भी रोक रहे हैं।
काफिले पर हमले के वक्त के विडियोज में लोग बंगाली में विरोध करते हुए ‘भारती वापस जाओ’ के नारे लगाते देखे गए। भारती की कुछ तस्वीरें भी सामने आईं। इनमें भारती रोती हुईं दिखाई दे रही हैं। मिली जानकारी के मुताबिक, कार पर हमले से पहले भारती ने कुछ पोलिंग बूथ्स पर जाने की कोशिश की थी लेकिन कथित तौर पर उन्हें टीएमसी कार्यकर्ताओं ने वहां घुसने नहीं दिया और नारेबाजी की। ऐसा उनके साथ एक से ज्यादा पोलिंग बूथ पर हुआ। इसपर भारती भावुक हो गई थीं। बता दें कि पूर्व आईपीएस भारती घोष किसी वक्त में बंगाल की सीएम ममता बनर्जी की खास मानी जाती थीं। लेकिन अब उनका मुकाबला टीएमसी से ही है। वहां उनके सामने टीएमसी के टिकट पर दीपक (देव) अधिकारी चुनाव लड़ रहे हैं। वह वहां के मशहूर ऐक्टर हैं।

Comments (0)
Add Comment