(एनएलएन मीडिया-न्यूज़ लाइव नाउ): राजस्थान के जैसलमेर जिले में पाकिस्तानी सीमा के पास, पोखरण फायरिंग रेंज में भारतीय वायु सेना अपने सबसे बड़े युद्धाभ्यास ‘गगन शक्ति 2018’ के जरिए खुद को और भी घातक बना रही है। यह युद्धाभ्यास पिछले 1 हफ्ते से चल रहा है और आने वाले 22 अप्रैल तक जारी रहेगा। इस युद्धाभ्यास में भारतीय वायुसैनिकों ने दुश्मन की धरती पर जाकर दुश्मन को नष्ट कर देने की कला का अभ्यास किया। भारतीय सेना के प्रवक्ता ने बताया कि चौबीसों घंटे चल रहे इस अभ्यास में भारतीय वायुसेना के दस्ते आसमान से दुश्मन के इलाके में उतरने और हवा में ही दुश्मन को नष्ट करने के साथ दुश्मन की धरती को अपने कब्जे में लेने का अभ्यास कर रहे हैं। इस युद्ध अभ्यास में कुल 1100 विमान हिस्सा ले रहे हैं, जिसमें सुखोई 30, एमकेआई मिग-21, मिग-29, जगुआर, सी 130, सी-17, मिग 27, ग्लोबमास्टर, Mi 35, Mi 7 वी 5, एमआई-17, एएलएच-ध्रुव शामिल हैं।