(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : न्यूजीलैंड ने रविवार को खेली गई तीन मैचों की टी-20 सीरीज के आखिरी मुकाबले में भारत को चार रन से हरा दिया। इसके साथ ही भारत ने यह सीरीज 1-2 भी गंवा दी। वह 29 महीने बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ कोई सीरीज हारा है। इससे पहले वह पिछली 10 सीरीज में अजेय रहा। इसके अलावा भारतीय टीम को तीन मैचों की टी-20 सीरीज में दूसरी बार हार मिली है।
पहली बार 2015-16 में दक्षिण अफ्रीका के साथ तीन मैचों की टी-20 सीरीज खेली गई, लेकिन भारत उस सीरीज में 2-0 से हार गया। शुरुआती दो मैच दक्षिण अफ्रीका के नाम रहे थे, जबकि एक मैच बेनतीजा रहा था। भारत ने अब तक कुल 13 बार तीन मैचों की टी-20 सीरीज खेली हैं। इसमें से नौ जीता है और दो में हार हुई है। दो सीरीज ड्रॉ रहीं। नौ जीत में भारत ने ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका, जिम्बाब्वे, इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका, वेस्टइंडीज और न्यूजीलैंड को हराया है। ड्रॉ रहीं दोनों सीरीज ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ थीं जो 1-1 से बराबरी पर रहीं। भारत और न्यूजीलैंड के बीच सितंबर 2016 में टेस्ट सीरीज खेली गई थी। इसमें भारतीय टीम ने 3-0 से क्लीन स्वीप किया था। तब से लेकर अब तक टेस्ट, वनडे और टी-20 की छह सीरीज खेली गईं। इनमें से भारत ने पांच पर कब्जा जमाया है, जबकि हाल ही में खेली गई टी-20 सीरीज गंवाई है।