(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : पुलवामा में आतंकियों ने सेना की जिस बस को निशाना बनाया, उसमें कांगड़ा जिले में जवाली के देवा गांव का जवान तिलक राज पुत्र लायक राम भी सवार था। प्रदेश सरकार ने मंत्री किशन कपूर और स्थानीय विधायक अर्जुन को शिमला से जवान के घर रवाना कर दिया है। सरकार और प्रशासन लगातार जवान के बारे में जानकारी जुटा रहे हैं।उधर आतंकी हमले में 42 जवानों की शहादत पर हिमाचल के राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने शोक जताया है। राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने जहां आतंकी घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है, वहीं शहीदों की शहादत को नमन किया है।
बजट सत्र के बाद राजभवन में राज्यपाल की ओर से विधायकों को दिया जाने वाला भोज भी रद्द कर दिया है। वहीं, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि वह शहीद एवं घायल हुए सैनिकों के दुखद समाचार से आहत हैं। आतंकी घटना बेहद निंदनीय है। उन्होंने कहा कि शहादत को नमन करता हूं और दुख की इस घड़ी में देश शहीदों के परिवार के साथ है।