फिरोजाबाद एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, ट्रक से टकराई स्लीपर बस, 16 यात्रियों की गई जान, 29 घायल

एसएसपी ने कहा- बस की स्पीड तेज थी, शायद चालक नशे में था; हादसे में बस चालक की भी मौत हो गई

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ): उत्तर प्रदेश में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बुधवार रात डबल डेकर बस ने सड़क किनारे खड़े ट्रक को टक्कर मार दी। हादसे में 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि 29 यात्री घायल हैं। इनमें तीन की हालत गंभीर है। बस दिल्ली से बिहार के मोतिहारी जा रही थी। इसमें बस चालक और कंडक्टर समेत करीब 50 यात्री सवार थे।  हादसा फिरोजाबाद और इटावा जिले की सीमा पर भदान गांव के पास हुआ। एसएसपी सचिंद्र पटेल ने बताया कि प्राइवेट स्लीपर बस रात 10 बजे एक्सप्रेसवे पर खड़े ट्रक में पीछे से टकरा गई। ट्रक पंक्चर होने के बाद उसका ड्राइवर सड़क किनारे खड़ा करके टायर बदल रहा था। तभी यह हादसा हुआ। हादसा इतना जबरदस्त था कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। उन्होंने बताया कि बस को क्रेन के जरिए हटाया गया। अब तक की जांच में पता चला है कि बस की रफ्तार बहुत तेज थी। शायद बस चालक नशे था। बस चालक की गलती से यह हादसा हुआ है। इसमें बस चालक की भी मौत हो गई है। हादसे में घायलों को सैफई के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। मेडिकल ऑफिसर डॉ. विश्व दीपक ने बताया कि यहां 13 लोगों को मृत अवस्था में लाया गया था। तीन लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। अभी मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। 11 मृतकों की पहचान हो चुकी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए गए हैं।

Comments (0)
Add Comment