बदमाशों से मुठभेड़ के दौरान मुंह से ‘ठांय-ठांय’ पर संभल पुलिस की हो रही किरकिरी, एसपी बोले- फिर से दी जाएगी ट्रेनिंग।

सोशल मीडिया पर ठांय-ठांय का विडियो वायरल हो रहा है और लोग इस कारनामे को लेकर संभल पुलिस को खूब ट्रोल कर रहे हैं।

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : संभल में बदमाशों से मुठभेड़ के दौरान दौरान पिस्टल के फेल होने पर मुंह से ही ठांय-ठांय की आवाज निकालने पर यूपी पुलिस की खूब किरकिरी हो रही है। सोशल मीडिया पर ठांय-ठांय का विडियो वायरल हो रहा है और लोग इस कारनामे को लेकर संभल पुलिस को खूब ट्रोल कर रहे हैं। उधर, लगातार फजीहत के बीच अब संभल के एसपी ने कहा है कि पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षित किया जाएगा। बता दें कि संभल जिले में शनिवार को एक एनकाउंटर के दौरान बदमाश की घेराबंदी करने वाली पुलिस के हथियार जवाब दे गए। जैसे ही बदमाशों पर फायरिंग करने की नौबत आई दरोगा की पिस्टल ने फायर नहीं किया। गनीमत रही कि घेराबंदी और एनकाउंटर के दौरान बदमाशों की तरफ से फायरिंग नहीं हुई। घबराए दरोगा ने फायरिंग की जगह मुंह से ही ठांय-ठांय की आवाज निकालनी शुरू कर दी। आखिरकार दूसरे पुलिस वाले की हथियार से 25 हजार के इनामी बदमाश के पैर में गोली मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान मुंह से ठांय-ठांय की आवाज निकालने का विडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसे लेकर संभल पुलिस की खूब फजीहत हो रही है। रविवार को संभल एसपी इस पर सफाई देते दिखे। एसपी ने कहा, ‘जानकारी मिली है कि मुठभेड़ के दौरान एक दरोगा का हथियार (पिस्टल) जाम हो गया था। ऐसे में बदमाशों पर दबाव बनाने के लिए पुलिसकर्मियों ने घेर लो…पकड़ लो की आवाजें भी निकालीं। इस दौरान ठांय-ठांय की भी आवाज निकाली गई। इसे संज्ञान में लिया गया है और अब पुलिसकर्मियों को इसकी ट्रेनिंग दी जाएगी कि अचानक हथियार के जाम हो जाने की स्थिति में दोबारा कैसे उसे जल्द उपयोग में लाया जाए।’  एसपी ने कहा कि वैसे तो यह ट्रेनिंग समय-समय पर चलती रहती है लेकिन अब फिर से पुलिस लाइन में सभी पुलिसकर्मियों को दोबारा प्रशिक्षित किया जाएगा। एसपी ने कहा कि इसके तहत पुलिसकर्मियों को बताया जाएगा कि मुठभेड़ या इस तरह की किसी भी स्थिति में अचानक हथियार के जाम हो जाने पर एक मिनट के भीतर किस तरह उसे खोलकर दोबारा उपयोग में लाया जा सकता है। इसके अलावा अपराधियों पर अंकुश के लिए भी और भी जरूरी जानकारी उन्हें दी जाएगी। बता दें कि संभल के असमैली थाना क्षेत्र में पुलिस ने बैरियर तोड़कर भाग रहे अपराधियों की घेराबंदी शुरू की थी। इस बीच बदमाशों ने फायरिंग कर दी। मुठभेड़ के बीच दरोगा मनोज कुमार का रिवॉल्वर धोखा दे गई। बकौल पुलिस सामने से बदमाश फायरिंग कर रहे थे, जिससे सिपाही और दरोगा दोनों घबरा गए। इसी दौरान दरोगा ने हौसले से काम लिया और मुंह से ही ठांय-ठांय की आवाज निकालनी शुरू कर दी। मारो-मारो, ठांय-ठांय कहते हुए दरोगा और सिपाही के एक साथ आगे बढ़ते रहे। इसी दौरान पुलिस की दूसरी टीम ने बदमाश पर फायर कर दिया, जिसमें एक बदमाश रुखसाद के पैर में गोली लग गई जबकि दूसरा फरार हो गया। रुखसाद पर 25 हजार का इनाम है और उसके खिलाफ 15 मामले दर्ज हैं। दरोगा के मुंह से एनकाउंटर करने का विडियो वायरल होने से पुलिस बैकफुट पर आ गई और इस सामान्य बात बताने में जुट गई। अपर पुलिस अधीक्षक पंकज पांडेय ने कहा था, ‘हथियार में तकनीकी खराबी से फायर नहीं होने के मामले कभी-कभी सामने आते हैं। यह कोई बड़ी बात नहीं है।’

Comments (0)
Add Comment