(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) :जम्मू-कश्मीर के बनिहाल में 30 मार्च को सीआरपीएफ काफिले के पास हुए कार धमाके के आरोपी को पुलिस ने 36 घंटे बाद गिरफ्तार कर लिया है। डीजीपी दिलबाग सिंह ने बताया िक आरोपी शोपियां का रहने वाला ओवैस अमीन है। आरोपी ने बताया कि उसे फोन पर निर्देश मिले थे कि सीआरपीएफ के काफिले के पास जाकर स्विच दबा देना।
पुलिस ने बताया कि आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। कार में विस्फोटक भरा हुआ था। इस कार ने श्रीनगर से जम्मू जा रहे काफिले की इस बस में टक्कर मारी थी। इसके बाद कार में आग लग गई थी। पुलिस ने बताया कि धमाके में सीआरपीएफ की बस में थोड़ा सा नुकसान हुआ था। इसमें बैठे जवान बाल-बाल बच गए थे।आरोपी से जब पूछा गया कि सीआरपीएफ के काफिले को उड़ाने के निर्देश किसने दिए थे तो उसने कहा- उन लोगों से फोन पर बात होती थी, यह नहीं मालूम था कि कौन लोग थे। मुझे नहीं पता गाड़ी में क्या-क्या था। मेरा काम था गाड़ी चलाना और स्विच दबाना।ओवैस ने बताया कि उसके साथ कोई दूसरा शख्स नहीं था। वह कार में अकेला था। उससे कहा गया था कि वह जैसे ही गाड़ी (सीआरपीएफ के काफिले) के पास पहुंचे, स्विच दबा दे। ओवैस ने गाड़ी में ही स्विच दबाया था और उसके बाद भाग गया।14 फरवरी को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में सीआरपीएफ के काफिले पर फिदायीन हमले में 40 जवान शहीद हुए थे। काफिले में एक आतंकी आरडीएक्स के साथ कार में सवार होकर घुस आया था और बस में टक्कर कर विस्फोट किया था। हमले की जिम्मेदारी आतंकी संगठन जैश ए मोहम्मद ने ली थी। हमले के ठीक 13वें दिन भारतीय वायुसेना ने पाकस्तान के बालाकोट में एयर स्ट्राक की थी और जैश के ठिकानों को तबाह कर दिया था।