फिल्म ‘ऐ दिल है मुश्किल’ की रिलीज को लेकर पैदा हुआ विवाद खत्म हो गया है। मनसे प्रमुख राज ठाकरे, निर्माता करण जौहर और महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस के बीच शुक्रवार को मुंबई में सीएम आवास पर बैठक हुई, जिसमें फिल्म की रिलीज पर सहमति बनी।
सीएम आवास पर हुई बैठक में प्रोड्यूसर्स गिल्ड के अध्यक्ष मुकेश भट्ट भी शामिल थे। बैठक खत्म होने के बाद उन्होंने कहा कि सीएम को भरोसा दिया गया है कि आगे पाकिस्तानी कलाकारों के साथ काम नहीं किया जाएगा।उन्होंने कहा कि सीएम के साथ बैठक सकारात्मक रही।
उन्होंने बताया कि करण जौहर ने फिल्म में सबसे पहले एक पट्टी चलाने को कहा है, जिसमें शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि दी जाएगी।
बैठक खत्म होने के बाद महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना ने कहा है कि वह फिल्म की रिलीज का विरोध नहीं करेगी।
यह फिल्म दिवाली पर रिलीज होगी। दिवाली पर ही अजय देवगन की फिल्म शिवाय रिलीज होने वाली है।
उरी हमले के बाद से महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना पाकिस्तनी कलाकारों के भारतीय फिल्मों में काम करने का विरोध कर रही है। ‘ऐ दिल है मुश्किल’ में पाकिस्तानी कलाकार फव्वाद खान ने काम किया है। इस पर मनसे ने फिल्म की रिलीज का विरोध किया था, जिस पर करण जौहर ने मुंबई पुलिस आयुक्त से सुरक्षा मांगी थी।
पाक कलाकारों के बॉलीवुड में काम करने के मुद्दे पर फिल्म इंडस्ट्री में भी दो विचार हैं। सलमान खान ने कहा था पाक कलाकार आतंकवादी नहीं हैं, उनको काम करने देना चाहिए। वहीं, अमिताभ बच्चन ने इस सवाल पर कहा था कि ऐसे समय में सेना के साथ खडे़ रहने की जरूरत है। देश में काफी गुस्सा है।