भारतीय सेना की जवाबी कार्रवाई में सात पाक सैनिक ढेर

पलांवाला सेक्टर के घिगड़याल-बदोवाल व घरड क्षेत्र में करीब साढे़ पांच बजे तक भारी गोलाबारी जारी रही।

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : दो दिन की शांति के बाद पाकिस्तान ने फिर नापाक हरकत जारी रखते हुए सोमवार को एलओसी पर तीन सेक्टरों पलांवाला, कीरनी व कस्बा सेक्टर में भारी गोलाबारी की। जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान की कई चौकियां तबाह हो गई हैं। सात पाक सैनिकों के भी मारे जाने की सूचना है। सोमवार तड़के ढाई बजे एलओसी पर जम्मू जिले के पलांवाला सेक्टर में अग्रिम चौकियों को निशाना बना कर पाकिस्तान ने भारी गोलाबारी शुरू कर दी। इसका सेना ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया, जिसमें पाकिस्तान की कई चौकियों के तबाह होने और सात सैनिकों के मारे जाने की सूचना है। पलांवाला सेक्टर के घिगड़याल-बदोवाल व घरड क्षेत्र में करीब साढे़ पांच बजे तक भारी गोलाबारी जारी रही। सोमवार को पाकिस्तान ने पुंछ जिले के कस्बा और कीरनी सेक्टर में सेना की अग्रिम चौकियों और रिहायशी इलाकों को निशाना बना कर गोले दागने शुरू कर दिए। शाम को करीब सवा पांच बजे शुरू हुई गोलाबारी का सेना के जवानों ने मुंहतोड़ जवाब दिया। देर शाम तक दोनों तरफ से गोलाबारी जारी थी। गोलाबारी शुरू होते ही दोनों इलाकों के ग्रामीण अपने घरों में चले गए। ज्ञात हो कि राजोरी जिले के नौशेरा सेक्टर में शनिवार दोपहर दो घंटे तक सीमा पार से हुई गोलाबारी के अलावा शुक्रवार रात से नियंत्रण रेखा पर शांति बनी हुई थी। इससे पुंछ तथा राजोरी में एलओसी पर रहने वाले लोगों को काफी राहत मिली। पुंछ और राजोरी जिले में पाकिस्तान ने 50 से अधिक बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया और 80 गांवों को निशाना बनाया। इसमें एक परिवार के तीन सदस्य सहित चार लोगों की मौत हो गई थी और नौ लोग घायल हुए थे। एयर स्ट्राइक के बाद पाकिस्तान द्वारा संघर्ष विराम उल्लंघन बढ़ गया है। बढ़ते तनाव के बीच सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत ने शनिवार को जम्मू के व्हाइट नाइट कोर का दौरा किया था। एलओसी तथा अंतरराष्ट्रीय सीमा की मौजूदा स्थिति के मद्देनजर उन्होंने कोर मुख्यालय में सुरक्षा बलों की ऑपरेशनल तैयारियों की समीक्षा की थी। इसके साथ ही रविवार को आईबी पर जाकर तैयारियों को जांचा था।

Comments (0)
Add Comment