पाकिस्तान ने दोनों के बीच व्यापार के लिए परिवहन मार्ग देने के लिए इनकार कर दिया था लेकिन पीएम मोदी ने दोनों देशों के बीच एयर कॉरिडोर बनाने की बात कहकर पड़ोसी देश को बड़ा झटका दिया है. सूत्रों का कहना है कि भारत और अफगानिस्तानइस एयर कॉरिडोर को जल्द से जल्द अंतिम रूप देने के लिए उत्साहित हैं.
अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी ने रविवार को अमृतसर में ‘हार्ट ऑफ एशिया कॉन्फ्रेंस’ के दौरान आतंकवाद को लेकर पाकिस्तान को आड़े हाथ लिया. गनी ने कहा कि अफगानिस्तान में पुनर्निर्माण के लिए इस्लामाबाद ने 500 मिलियन डॉलर देने का वादा किया है लेकिन बेहतर होगा कि वो इस रकम का इस्तेमाल आतंकवाद को रोकने में करे.गनी ने कहा कि आतंकवाद एक बड़ी चिंता का विषय है और इस लड़ाई में हमें सहयोग की जरूरत है.
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के विदेश मामलों के सलाहकार सरताज अजीज भी इस सम्मेलन में हिस्सा लेने पहुंचे थे. गनी ने सीधे अजीज का नाम लेते हुए कहा, ‘हमें सीमापार से हो रहे आतंकवाद की पहचान करने और इसे मिल रहे फंड को रोकने की जरूरत है. पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के विकास के लिए 500 मिलियन डॉलर देने का वचन दिया है. अजीज साहब, ये रकम आतंकवाद को रोकने के लिए खर्च की जा सकती है.
गनी ने कहा, ‘पिछले साल अफगानिस्तान में सबसे ज्यादा तबाही हुई है. ये अस्वीकार्य है. कुछ देश आतंकवाद को अब भी शरण दे रहे हैं. हाल ही में खुद तालिबान ने माना है कि अगर उन्हें पाकिस्तान में जगह नहीं मिलती तो वो एक महीने से ज्यादा नहीं टिक पाता.