(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया है। इसको देखते हुए हिमाचल में तीन प्रमुख हवाई हड्डों पर हवाई उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। बुधवार सुबह कांगड़ा के गग्गल एयरपोर्ट पर निजी जेट ने एक उड़ान भरी। इसके बाद सभी उड़ानें रद्द कर दी गई। वहीं, उड़ान रद्द होने के कारण सीएम जयराम ठाकुर दिल्ली एयरपोर्ट पर फंस गए हैं।इसके चलते उनका पालमपुर का दौरा भी रद्द हो गया। इसके अलावा कुल्लू का भुंतर एयरपोर्ट पर भी हवाई उड़ानें नहीं हुई। एहतियातन हवाई अड्डे को बंद रखा गया है। वहीं, शिमला के जुब्बड़हट्टी हवाई अड्डे पर भी आज उड़ान नहीं हो पाई है। गौरतलब है कि बुधवार को पाकिस्तानी वायुसेना ने भारतीय वायुक्षेत्र में घुसने की नाकाम कोशिश की है। भारत ने पाक लड़ाकू विमान एफ-16 को मार गिराया है।न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, पाक लड़ाकू विमान जम्मू-कश्मीर के नौशेरा इलाके में घुस आया था जिसे ढेर करते हुए भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तानी क्षेत्र में स्थित लाम घाटी के भीतर 3 किलोमीटर तक जवाबी फायरिंग की है।इससे पहले पाकिस्तानी लड़ाकू विमान ने भारतीय वायुक्षेत्र का उल्लंघन करते हुए बम गिराए थे। उधर, पाकिस्तान के भीतर घुसकर भारतीय वायुसेना की ओर से जैश के आतंकी अड्डों पर की गई एयर स्ट्राइक के बाद हिमाचल में सैन्य और सीमा से सटे क्षेत्र हाई अलर्ट पर हैं।योल छावनी क्षेत्र को सील कर दिया गया। चंबा जिला में जम्मू-कश्मीर से लगती सीमा, लाहौल-स्पीति में चीन से सटी सुरक्षा चौकियों, कैंट एरिया डलहौजी, एयरफोर्स स्टेशन गांधी चौक, डेनकुंड एयरफोर्स स्टेशन में भी चौकसी बढ़ा दी गई है।सोलन जिला में कसौली एयर स्पेस, गोरखा प्रशिक्षण कैंप समेत दोनों छावनियों, सोलन आर्मी कैंप व सीआरपीएफ कैंप में अलर्ट जारी किया गया है। तीनों हवाई अड्डों समेत कोल बांध, भाखड़ा, पंडोह और पौंग डैम की सुरक्षा भी बढ़ाई गई है।कोल बांध पर सीआईएसएफ ने सुरक्षा के लिहाज से मॉकड्रिल भी की। नाथपा झाकड़ी समेत बड़ी बिजली परियोजनाओं का पहरा सख्त कर दिया गया है। शक्तिपीठ ज्वालाजी, चामुंडा देवी, बज्रेश्वरी देवी, चिंतपूर्णी और नयनादेवी में सुरक्षा बढ़ाई गई है।