(एनएलएन मीडिया-न्यूज़ लाइव नाऊ) : सेंट्रल मिनिस्टर और सिंगर बाबुल सुप्रियो ने कहा है कि राष्ट्रीय जिम्मेदारी निभाते हुए बॉलीवुड पाकिस्तानी कलाकारों को बैन करे। पाकिस्तानी नागरिकता ही उनका एकमात्र अपराध है। साथ ही उन्होंने फिल्म ‘वेलकम टू न्यूयॉर्क’ के निर्माताओं से इसके गाने से पाकिस्तानी गायक राहत अली खान की आवाज हटाने को कहा है। उल्लेखनीय है कि अभिनेता सलमान खान ने फिल्म “टाइगर जिंदा है’ से अरिजीत सिंह की आवाज हटवा दी थी। चर्चा है कि वेलकम टू न्यूयाॅर्क में भी ऐसा हो रहा है। बाबुल ने कहा, “मैं समझ नहीं पा रहा हूं कि जब भारत-पाक के बीच तनाव बढ़ा हुआ है, तो हम सीमा पार टैलेंट क्यों ढूंढ रहे हैं। ऐसा नहीं होना चाहिए कि एफएम पर पाकिस्तानी गायकों के गाने चलें और समाचार चैनलों पर पाकिस्तानी हमले में शहीद जवानों के।’ उन्होंने कहा, “मुझे आतिफ असलम या राहत से कोई परेशानी नहीं है। परेशानी है उनकी नागरिकता से। बॉलीवुड दुनियाभर में भारत का प्रतिनिधित्व करता है। पाक कलाकारों को बैन कर दुनियाभर में पाकिस्तान द्वारा फैलाए जा रहे आतंकवाद का विरोध करना चाहिए। बॉलीवुड से शोहरत पाने वाले किसी भी पाकिस्तानी कलाकार ने भारत में हमलों को लेकर अपने देश की निंदा नहीं की है।’