(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : नई दिल्ली। इन दिनों बॉलीवुड में बॉयोपिक का दौर चल रहा है। इसी कड़ी में अब एक और फिल्म जुड़ने जा रही है। ये फिल्म है भुज: द प्राइड ऑफ इंडिया। ये 1971 भारत-पाक युद्ध में IAF विंग कमांडर रहे विजय कार्निक पर बनाई जा रही है। विंग कमांडर कार्निक का किरदार अजय देवगन निभाएंगे। इसके निर्माता भूषण कुमार हैं और निर्देशन अभिषेक दुधाहिया करेंगे। भूषण कुमार ने अपने ट्विटर हैंडल पर फिल्म की अनाउंसमेंट की है। इस फिल्म में अजय के अलावा संजय दत्त, सोनाक्षी सिन्हा, राणा डुग्गुपत्ती, परिणीति चोपड़ा और एमी विर्क भी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। विजय कार्निक 1971 के युद्ध के दौरान भुज एयर बेस के संचालक थे। उन्होंने 50 वायु सेना के सैनिकों और 60 सुरक्षा कर्मियों के साथ मिल कर पाकिस्तानी बमबारी का सामना किया था। उन्होंने बमबारी के बावजूद एयरबेस को चालू रखने का शानदार काम किया था। इतना ही नहीं कार्णिक और उनकी टीम ने 300 स्थानीय महिलाओं की मदद से नष्ट हुई भारतीय वायु सेना की हवाई पट्टी का पुनर्निर्माण किया था ताकि हवाई पट्टी के जरिए जवानों वापस लाया जा सके। एयर बेस पर पाकिस्तान ने 3 दिसंबर से बम गिराने शुरू किए और 9 दिसंबर तक बम गिराए। इस दौरान एयर बेस पर कुल 136 बॉम्ब गिराए गए थे। फिल्म को लेकर कार्णिक कहते हैं कि मुझे खुशी है कि मेरा किरदार अजय निभा रहे हैं। युद्ध को याद करते हुए वो कहते हैं- ‘उस वक्त पाक लगातार बम गिरा रहा था और हमारे सामने एयर बेस को चालू रखने की चुनौती थी। ऐसे में स्तानीय लोगों ने हमारी मदद की, लेकिन इससे भी बड़ी चुनौती थी कि बिना किसी की जान गंवाएं हम काम खत्म करें। खास कर मदद करने आए लोगों की जान हमारे लिए सबसे ज्यादा किमती थी। हमारी टीम ने सभी को समझा दिया था कि जैसे ऊपर से बम गिरेंगे तो उन्हें कहां जाकर छुपना है। उन्होंने बहादुरी से काम किया। खुशी की बात ये थी कि आखिर में सभी जिंदा थे।