(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : बता दें कि पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के निधन की खबर सुन कर भूटान ने गुरुवार को हुई एक सभा में सुषमा की तस्वीर के सामने घी के एक हजार दीये जला कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। जिग्मे खेसर ने दिवंगत मंत्री के परिवार और भारत सरकार को शोक संदेश भी भेजे। दिल्ली में 7 अगस्त की रात सुषमा का निधन हो गया था। भूटान नरेश ने सुषमा के विदेश मंत्री रहते हुए भारत की यात्रा परिवार के साथ की थी। इस दौरान भूटान के नन्हे राजकुमार के साथ सुषमा की कुछ तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं। अपने शोक संदेश में प्रधानमंत्री लोटे शेरिंग ने कहा, ‘‘सुषमा का निधन न केवल भाजपा, बल्कि देश के लिए भी बड़ी क्षति है। भूटान के साथ भारत के संबंधों में सुषमा की भूमिका बहुत अहम थी। वे हमारे अच्छे दोस्त की तरह थीं। उन्होंने दोनों देशों के संबंधों को बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई। शेरिंग के मुताबिक, ‘‘मैं और संपूर्ण भूटान सुषमा स्वराज के असामयिक निधन पर शोक व्यक्त करते हैं। मुझे पिछले साल भारत यात्रा के दौरान उनसे मिलने का मौका मिला था। भूटान और भारत के संबंधों को मजबूत करने में उनके नेतृत्व को हम हमेशा याद रखेंगे। संयुक्त राष्ट्र में विश्वभर के 50 देशों के राजनयिकों ने पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के निधन पर संदेश लिखकर श्रद्धांजलि दी। यूएन में भारत के राजदूत और स्थायी प्रतिनिधि सैयद अकबरुद्दीन ने शनिवार को ट्विटर पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें इन राजनियकों को संदेश लिखते हुए दिखाया गया। इन देशों में जर्मनी, घाना, इटली, क्यूबा, अफगानिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, नेपाल, रूस, यूएई, मालदीव, न्यूजीलैंड आदि देश शामिल हैं।बता दें कि भूटान के साथ मजबूत रिश्ते में सुषमा स्वराज का बड़ा योगदान था ।