(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ): मणिमहेश में बड़े शाही स्नान के दिन यात्रा मार्ग पर अलग-अलग जगह तीन वर्षीय बच्ची समेत तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई। हड़सर के पास 55 वर्षीय श्रद्धालु ने सीने में दर्द के बाद दम तोड़ दिया। सुंदरासी के पास तीन वर्षीय लड़की को अचानक उल्टियां हुईं जिसके बाद उसकी जान चली गई।वहीं बांदर घाटी के पास एक 35 वर्षीय युवक की सीने में दर्द के बाद मौत हो गई। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। जानकारी के अनुसार रविवार को सुंदरासी के पास तीन वर्षीय जीविका पुत्री प्रदीप कुमार निवासी खनकोट जिला डोडा जम्मू-कश्मीर को अचानक उल्टियां लग गईं।इसके कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई। वहीं, शिव घराट के पास विक्रमजीत को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। अचानक उसके सीने में दर्द उठा जिसके बाद उसकी मौत हो गई। एक अन्य मामले में गणेश नामक व्यक्ति की दम घुटने और छाती में दर्द उठने से मौत हो गई। पुलिस अधीक्षक डॉ. मोनिका ने कहा कि शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।