मनाली कीे मनु रंगशाला में 5 जुलाई से 8 जुलाई तक हिमाचल लोक दर्शन कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा

कुल्लू:भाषा एवं संस्कृति विभाग, उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र पटियाला तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में मनाली कीे मनु रंगशाला में 5 जुलाई से 8 जुलाई तक हिमाचल लोक दर्शन कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसका उदघाटन 5 जुलाई को हिमाचल प्रदेश के कृषि, जनजातीय विकास और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री डा. रामलाल मार्कण्डेय करेंगे।
 भाषा एवं संस्कृति विभाग की सचिव पूर्णिमा चैहान ने बताया कि इस चार दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम में हिमाचल के सभी 12 जिलों के कलाकार अपने पारंपरिक लोकनृत्यों तथा लोकगीतों की प्रस्तुतियां देंगे। इस अवसर पर कुल्लू, मंडी तथा लाहौल-स्पिति के शिल्पकारों के उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। पूर्णिमा चैहान ने बताया कि भाषा एवं संस्कृति विभाग ग्रामीण हस्तशिल्प को बढ़ावा देने के लिए इस तरह की प्रदर्शनी आयोजित करता है। उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के निदेशक डा. सौभाग्यवर्द्धन ने बताया कि जिला प्रशासन कुल्लू के सहयोग से हिमाचल लोक दर्शन कार्यक्रम हिमाचल प्रदेश में पहली बार आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण लोक कलाओं को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र पटियाला इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करता है।
Comments (0)
Add Comment