मिस्त्र में पुलिस ने मार गिराए 40 आतंकी, बम विस्फोट में तीन पर्यटकों की मौत

मिस्त्र के गृह मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी है।

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : दुनिया के प्राचीन सात अजूबों में शामिल मिस्त्र के गीजा पिरामिड से केवल चार किलोमीटर दूर पर्यटकों की बस पर आतंकी हमले के एक दिन बाद शनिवार को मिस्र के पुलिस ने 40 आतंकवादियों को मार गिराया है। मिस्त्र के गृह मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी है। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि गीजा पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाइ में 30 ‘आतंकवादियों’ को मार गिराया, जबकि शेष 10 उत्तरी सिनाई में कार्रवाइ के दौरान मारे गए। इससे पहले शुक्रवार को हुए इस बम धमाके में तीन वियतनामी पर्यटक और मिस्त्र के गाइड की मौत हो गई थी। बस ड्राइवर समेत दस अन्य घायल भी हो गए थे। उस बस पर करीब 14 वियतनामी पर्यटक सवार थे।मंत्रालय के मुताबिक, बस में सवार पर्यटक पिरामिड में होने वाले साउंड एंड लाइट शो देखने जा रहे थे। ब्लास्ट के लिए विस्फोटक सड़क किनारे मौजूद दीवार के पास लगाए गए थे। पिछले करीब एक साल में पर्यटकों पर हुआ यह पहला आतंकी हमला है।इससे पहले बीते साल जुलाई में जर्मनी के दो पर्यटकों की चाकू मार कर हत्या कर दी गई थी। इन घटनाओं से देश में पर्यटकों की संख्या एक बार फिर घटने की आशंका है। उल्लेखनीय है कि 2010 के अंत में ट्यूनीशिया, सीरिया व मिस्त्र आदि पश्चिमी एशियाई देशों में सरकार के खिलाफ शुरू हुए अरब स्पि्रंग आंदोलन के बाद मिस्त्र में पर्यटकों की संख्या में भारी गिरावट आई थी।मिस्त्र के प्रधानमंत्री मुस्तफा मदबौली का कहना है कि बस सुरिक्षत रास्ते की जगह किसी और रास्ते से जा रही थी। हालांकि बस के ड्राइवर ने मार्ग बदलने से इनकार किया है। देश के गृह मंत्रालय ने वियतनाम सरकार को इस घटना से अवगत करा दिया है।पर्यटकों की बस पर हुए इस ‘कायरतापूर्ण’ आतंकी हमले कि भारत ने निंदा की है। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि भारत आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में मिस्र की सरकार और यहां के लोगों के साथ खड़ा है। विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर कहा कि हम 28 दिसंबर को मिस्र में गीजा पिरामिड के पास टूरिस्ट बस पर कायराना आतंकवादी हमले की निंदा करते हैं, जिसमें निर्दोष लोगों की जान चली गई थी। मंत्रालय ने कहा ‘हम मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं और उन घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं। हम आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में सरकार और मिस्र के लोगों के साथ खड़े हैं।’

Comments (0)
Add Comment