मुंबई: मुंबई के उपनगर ठाणे के भिवंडी इलाके में एक तीन मंजिला इमारत गिर गई है। इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि इमारत का एक हिस्सा गिरने से कई लोग मलबे की चपेट में आ गए।
इस हादसे में कुछ लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आ रही है। मौके पर राहत और बचाव कार्य चल रहा है। बिल्डिंग के मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है। ठाणे की आपदा प्रबंधन इकाई के मुताबिक, नवी बस्ती के के.जी.नगर में शुक्रवार सुबह लगभग नौ बजे यह इमारत ढह गई।
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान दो लोगों को बचा लिया गया है, जिनकी हालत गंभीर है। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।ऐसा माना जा रहा है कि मलबे में पांच और लोग फंसे हो सकते हैं। बचाव कार्य में शहर के अग्निशमन विभाग, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की दो टीमों के अलावा अन्य एजेंसियों को भी मुस्तैद किया गया है।
इससे पहले 31 अगस्त को दक्षिण मुंबई के भिंडी बाजार इलाके में बड़ा बिल्डिंग हादसा हुआ था। जेजे जंक्शन के पास स्थित हुसैनी इमारत ढह जाने से 34 लोगों की मौत हो गई थी। 117 वर्ष पुरानी यह छह मंजिला इमारत गुरुवार सुबह करीब 8:15 बजे गिर गई थी। इसी इमारत में छोटे बच्चों का प्ले ग्रुप भी था। उसमें बच्चे 2 घंटे बाद आने वाले थे। अगर हादसा 2 घंटे बाद हुआ होता, तो मृतकों की तादाद और ज्यादा हो सकती थी. इससे पहले 25 जुलाई को मुंबई के घाटकोपर इलाके में भी एक बिल्डिंग गिर गई थी। इस हादसे में 17 लोगों की मौत हुई थी।