(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में गुरुवार शाम छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस स्टेशन के पास एक बड़ा हादसा हुआ है। शुरुआती जानकारी के अनुसार मुंबई के सीएसटी स्टेशन पर एक फुट ओवर ब्रिज गिरने के कारण 4 लोगों की मौत हुई है। वहीं इस घटना में 30 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इन घायलों में 4-5 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है और इन्हें गहन चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। वहीं मलबे में अब भी 10 से अधिक लोगों के दबे होने की आशंका जताई गई है। बताया जा रहा है कि हादसा गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे हुआ। जिस वक्त यह घटना हुई पीक आवर होने के कारण पुल के नीचे बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद ब्रिज के मलबे में कई लोग दब गए और यहां मौजूद कुछ वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए। दूसरी ओर मौके पर पहुंची एनडीआरएफ, रेलवे और मुंबई पुलिस की टीमों ने तत्काल घायलों को सेंट जॉर्ज हॉस्पिटल और गोकुलदास तेजपाल अस्पताल में पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान अपूर्वा प्रभु, रंजना तांबे और शिराज खान के रूप में हुई है। अपूर्वा और रंजना जीटी अस्पताल की नर्स थीं, जो कि शाम के वक्त अपनी शिफ्ट पूरी कर घर वापस जा रही थीं। रेलवे के सूत्रों के अनुसार, इस ब्रिज के मलबे में अभी भी कई लोगों के दबे होने की आशंका है, जिसे देखते हुए इलाके में बड़े स्तर पर राहत कार्य शुरू कराए गए हैं। मुंबई के जिस स्थान पर यह हादसा हुआ उससे कुछ ही दूरी पर मुंबई पुलिस और मुंबई महानगरपालिका के मुख्यालय स्थित हैं। सेंट्रल रेलवे के डीआरएम डीके शर्मा के अनुसार, जिस ब्रिज के गिरने से यह हादसा हुआ उसकी देखरेख का काम बीएमसी करती है। उन्होंने बताया कि ब्रिज का निर्माण कार्य रेलवे ने कराया था, लेकिन रखरखाव की जिम्मेदारी बीएमसी की ही थी।