(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : म्यांमार एयर लाइन के एक विमान का फेल होने के बाद पायलट ने रविवार को सुबह उसकी इमरजेंसी लैंडिंग कराई। फ्लाइट संख्या UB-103 में कुल 89 लोग सवार थे। एक अधिकारी ने बताया कि लैंडिंग गियर फेल होने के कारण विमान का अगला पहिया नहीं खुला जिसकी वजह से विमान की आपात लैंडिंग करानी पड़ी। फिलहाल, इस हादसे में कोई भी हताहत नहीं हुआ है।म्यांमार में एक हफ्ते में ऐसा दूसरी बार है जब विमान में खराबी के बाद इमरजेंसी लैंडिंग की घटना हुई है। अधिकारियों ने बताया कि म्यांमार एयरलाइंस की फ्लाइट संख्या UB-103 के Embraer-190 मॉडल की यह आपात लैंडिंग सुबह नौ बजे मंडाले शहर के एयपोर्ट पर हुई। इस घटना का एक अपुष्ट वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
म्यांमार के नागरिक उड्डयन विभाग के उप महानिदेशक ये हुत आंग ने एएफपी को बताया कि पायलट ने विमान के सामने लैंडिंग गियर को खोलने की बार-बार कोशिश की। उसने पहले अपने कंप्यूटर सिस्टम के जरिए फिर मैन्युअली गियर को खोलने का प्रयास किया लेकिन इसमें कामयाबी नहीं मिली। इसके बाद उसने बड़ी सूझबूझ के साथ केवल पिछले पहियों के सहारे ही विमान की लैंडिंग कराई।विमान में सवार एक यात्री ने बताया कि लैंडिंग के दौरान चिनगारी के साथ धुआं निकला और विमान दूर तक घिसटता चला गया। इससे पहले, बीते बुधवार को एक तूफान के दौरान यंगून में बीमन बांग्लादेश एयरलाइंस के विमान की क्रैश लैंडिंग हुई थी। इस हादसे में 11 लोग घायल हो गए थे। म्यांमार में मानसून के कारण पहले भी विमान हादसे होते रहे हैं। साल 2017 में अंडमान सागर में सेना का एक विमान क्रैश हो गया था जिसमें 122 लोग सवार थे। इसे देश का सबसे बड़ा विमान हादसा माना जाता है।बता दें कि अभी हाल ही में रूस के एक यात्री विमान सुखोई सुपरजैट-100 में आग लगने से 41 लोगों की मौत हो गई थी। दरअसल, पिछले रविवार को मास्को एयरपोर्ट से सुखोई विमान ने उत्तरी रूस के मरमांस्क शहर के लिए उड़ान भरी थी। विमान जिस वक्त उड़ान भरने की तैयारी कर रहा था तभी उसमें आग लग गई, जिसके बाद चालक दल ने उसकी इमर्जेंसी लैंडिंग कराई थी। लैंडिग के दौरान विमान पूरी तरह से आग की चपेट में आ गया था।