यूएन मुख्यालय पर मुहाजिरों ने किया पाकिस्तान के खिलाफ प्रदर्शन

पाकिस्तान सरकार की नीतियों से नाराज मुहाजिरों ने संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय के बाहर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। मुहाजिरों ने पाकिस्तानी सेना के जनरलों को युद्ध अपराधी बताने वाली तख्तियां लिए हुए पाकिस्तान सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

इस विरोध प्रदर्शन की अगुआई मुत्ताहिदा कौमी मूवमेंट (एमक्यूएम) की अमेरिकी शाखा कर रही थी। प्रदर्शनकारियों ने दावा किया कि बीते तीन दशकों में उनकी कौम के हजारों निर्दोष लोगों को बेरहमी से मार दिया गया। हजारों को बिना मुकदमा चलाए गैर कानूनी ढंग से कैद कर रखा गया है। एमक्यूएम के नेता अल्ताफ हुसैन ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव से आग्रह किया कि वह पाकिस्तान में रह रहे मुहाजिरों और बलूचिस्तान की मदद को आगे आएं।

बंटवारे के वक्त 1947 में भारत से पाकिस्तान गए मुस्लिमों को पाकिस्तान में मुहाजिर कहा जाता है। एमक्यूएम पार्टी मुख्य रूप से इन्हीं का नेतृत्व करती है। यह 1980 में दक्षिणी सिंध प्रांत में जातीय पार्टी के रूप में उभरी थी। इसका प्रभुत्व शहरी क्षेत्रों जैसे कराची, मीरपुरखास आदि इलाकों में है।

Comments (0)
Add Comment