(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : देश की सबसे युवा पंचायत प्रधान जबना चौहान स्वच्छता की मुहिम को निरंतर आगे बढ़ा रही हैं। उन्होंने महिला मंडलों के सहयोग से केओलीधार पंचायत के सभी घरों को सोकपिट से जोड़ दिया है। घरों की रसोई और बाथरूम से निकलने वाला पानी यहां खुले में नहीं बहता।सभी 450 घरों में उन्होंने निशुल्क सोकपिट बनवाए हैं। गुजरात में गत वर्ष जबना को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छता के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने के लिए प्रशस्ति पत्र देकर नवाजा था।टायलेट फिल्म का प्रोमो लांच करने के लिए सुपरस्टार अक्षय कुमार ने जबना को गुरुग्राम बुलाकर मंच पर सम्मानित किया था। वर्ष 2017 में केओलीधार पंचायत को जिले में सबसे स्वच्छ पंचायत आंका गया। तत्कालीन मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने उन्हें सम्मानित किया था।कई राष्ट्रीय मंचों पर जबना चौहान को सम्मान मिल चुका है। पंजाब सरकार भी उन्हें सम्मानित कर चुकी है। जबना चौहान ने कहा कि उन्होंने आजकल बेटी के जन्म पर 11 पौधे रोपने की मुहिम शुरू की है।