बुधवार सुबह लंदन के लैरिमर रोड में वाइट सिटी के ग्रेनफेल टावर में भयंकर आग लग गई। इस 27 मंजिला इमारत में कुल 120 फ्लैट्स हैं। आग इतनी भीषण थी कि इसको बुझाने के लिए 200 दमकलकर्मी मशक्कत कर रहे हैं। हालांकि आग अब काबू में है।
मेट्रोपॉलिटन पुलिस के मुताबिक अभी भी लोगों को इमारत से निकाले जाने का काम जारी है। आग की वजह से कई लोगों को गंभीर चोट भी आई है। मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने बताया सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा जा रहा है।
स्थानीय मीडिया की खबरों के मुताबिक लोगों ने जैसे ही आग बढ़ते हुए देखी वे मदद के लिए चिल्लाने लगे। हर तरफ चिल्लाने की आवाज के बीच कुछ लोगों ने नीचे पहुंचने के लिए बेडशीट को रस्सी बनाकर इस्तेमाल किया। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि उसने एक शख्स को आग से बचने के लिए बिल्डिंग से कूदते हुए भी देखा।
बिल्डिंग में रह रहे लोगों को पुलिस ने फटाफट बाहर निकाला क्योंकि आग से क्षतिग्रस्त हिस्सों का मलबा गिरना शुरू हो गया था। आग बिल्डिंग की दूसरी से 27वीं मंजिल तक लग गई थी। सुबह 3 बजे बिल्डिंग के एक ब्लॉक में आग की लपटें दिखी जो देखते ही देखते दोनों तरफ फैल गई। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस और 40 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंची और लोगों को बचाने-आग बुझाने में जुट गई।