(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : नई दिल्ली। साइबेरियाई शहर सर्गुट से मास्को जाने वाले एक यात्री विमान एयरो फ्लोट एयू 1515 विमान ने उड़ान भरी ही थी कि विमान को एक शराबी ने हाईजैक कर लिया। रूसी अधिकारियों ने बताया कि शऱाबी ने क्रू से कहा कि उसके पास हथियार हैं जिससे विमान में हड़कंप मच गया। उसने चालक दल को धमकी देकर विमान को अफगानिस्तान की ओर मोड़ने का आदेश दिया तो हाइजैक की आशंका के चलते विमान को खैंटी-मैंसिस्क शहर में लगभग 230 किलोमीटर (143 मील) पश्चिम में उतारने के लिए मजबूर होना पड़ा ।
समिति के प्रवक्ता एंड्रयू प्रेज़्ज़डॉम्स्की ने बताया कि विमान एक घंटे तक खैंटी-मैंसिस्क में रनवे पर खड़ा रहा और यात्री सहमे हुए विमान में बैठे रहे । इसी बीच सूचना पर अलर्ट हुई सुरक्षा एजेंसियों की टीम ने कार्रवाई करते हुए एयरपोर्ट को खाली करा लिया और पूरे इलाके को घेर लिया । इस दौरान सर्गुट के रहने वाले शराबी ने सरेंडर कर दिया। उसके खिलाफ पहले भी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला दर्ज है। सुरक्षा एजेंसियां अब विमान अपहरण के मामले में उसपर मुकद्दमा चलाएंगी।