शामली मुठभेड़ः UP पुलिस के घायल जवान अंकित की मौत

शामली मुठभेड़ः UP पुलिस के घायल जवान अंकित की मौत

(न्यूज़ लाइव नाऊ) यूपी के शामली जिले में जधेड़ी गांव में मंगलवार की देर रात बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ में घायल हुए यूपी पुलिस के जवान अंकित तोमर की उपचार के दौरान नोएडा के एक अस्पताल में मौत हो गई। उस मुठभेड़ में मुकीम काला गैंग का एक लाख का इनामी कुख्यात बदमाश मारा गया था। जानकारी के मुताबिक मंगलवार की रात यूपी के जनपद शामली में पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई थी। इस दौरान गोली लगने से एक थानेदार और सिपाही अंकित तोमर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इसमें सिपाही अंकित की हालत नाजुक थी, लिहाजा उन्हें नोएडा के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सिपाही अंकित का इलाज कर रहे डॉक्टर एमएस बटोही ने बताया था कि उसके सिर में दो गोली लगी थी। वह ब्रेन डेड की स्थिति में थे। उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर बृजेश नारायण सिंह के आदेश पर अंकित के इलाज के लिए तीन न्यूरोसर्जन का पैनल बनाया गया था। जिसमें जिला अस्पताल, जेपी अस्पताल के न्यूरोसर्जन शामिल थे। बुधवार को दिनभर अंकित को लेकर अफवाहें आती रहीं कि अंकित की मौत हो चुकी है, लेकिन बाद में पुलिस ने इस बात खंडन किया था। मगर बुधवार की रात में यूपी पुलिस ने अपने अधिकारिक ट्विटर से ट्वीट करके अंकित की मौत की सूचना दी।

Comments (0)
Add Comment