शिमला: सांगटी वार्ड उपचुनाव शुरू, मतदाता आज चुनेंगे अपना पार्षद

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : शिमला। नगर निगम शिमला के सांगटी वार्ड में सुबह 8 बजे से उपचुनाव के लिए वोटिंग शुरू हो गई है. प्रशासन ने चुनाव के लिए पांच पोलिंग बूथ बनाए हैं. वार्ड में 3919 मतदाता आज अपने मतदान का प्रयोग करेंगे. ताजा जानकारी के अनुसार, ठंड की वजह से इक्का-दुक्का लोग ही वोट डालने के लिए पोलिंग बूथ पर पहुंच रहे हैं.  चुनाव में कोई गड़बड़ी न हो इसके लिए प्रशासन ने सुरक्षा के लिए हर एक बूथ पर पुलिस के पांच जवान तैनात किए हैं. सहायक निर्वाचन अधिकारी व उप मंडलाधिकारी नीरज गुप्ता ने बताया कि नगर निगम शिमला सांगटी (वार्ड नंबर 24) में कुल 3919 मतदाता हैं, जिनमें 2045 पुरूष व 1874 महिला मतदाता हैं. वोटिंग सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगी. वहीं, आज शाम ही चुनाव का रिज्लट भी घोषित होगा. वोटों की गिनती बचत भवन उपायुक्त कार्यालय में होगी.  बता दें कि कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी के तौर पर मीरा शर्मा ने  सांगटी वार्ड से पार्षद का चुनाव जीता था, जिसके बाद निजी कारणों  से उन्होंने डेढ़ साल बाद इस्तीफा दे दिया, जिससे सांगटी वार्ड में कोई पार्षद नहीं रहा. अब इस सीट पर शनिवार को उपचुनाव होने जा रहा है. सांगटी वार्ड से सीपीएम समर्थित रंजना वर्मा, भाजपा समर्थित मीरा शर्मा और कांग्रेस से शिल्पा चौहान मैदान में हैं. 

Comments (0)
Add Comment