(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ): दिनभर के कारोबार के बाद सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन यानी बुधवार को शेयर बाजार लाल निशान पर बंद हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स यानी सेंसेक्स 487.50 अंक गिरकर 37789.13 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी की बात करें तो निफ्टी में 138.40 अंकों की गिरावट दर्ज की गई, जिसके बाद ये 11359.50 के स्तर पर पहुंच गया। दिनभर के कारोबार के बाद बुधवार को यूपीएल, जेएसडब्ल्यू स्टील, बीपीसीएल और कोल इंडिया के स्टॉक्स बढ़त के साथ बंद हुए। वहीं गिरावट वाले दिग्गज शेयरों की बात करें तो इसमें टाटा मोटर्स, रिलायंस इंडस्ट्रीज, बजाज फाइनेंस और जी एंटरटेनमेंट के स्टॉक्स शामिल हैं। सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें तो सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन यानी बुधवार को सभी सेक्टर्स लाल निशान पर बंद हुए। इनमें मेटल, ऑटो, फार्मा, एनर्जी, एफएमसीजी, आईटी और बैंकिंग शामिल है।फिलहाल निवेशक अपना पैसा निकालने में लगे हुए हैं। ऐसे में यह सभी संकेत राजनीतिक तौर पर भी कुछ कहना चाह रहे हैं। लोकसभा चुनाव के पांच चरण पूरे हो चुके हैं। फिलहाल देश की 70 फीसदी से अधिक सीटों पर मतदान हो चुका है। अब केवल दो चरण बचे हैं जिनमें 118 सीटें पर 12 और 19 मई को वोट डाले जाएंगे। यह सीटें हरियाणा, पंजाब, हिमाचल, दिल्ली, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार और बंगाल में हैं। चौथा चरण 29 अप्रैल को था। उस दिन से लेकर आठ मई तक शेयर बाजार में कुछ खास इजाफा देखने को नहीं मिला है। शेयर बाजार में निवेशक पिछले छह दिन में लाखों करोड़ रुपये डूबा चुके हैं। घरेलू एवं वैश्विक जिंस बाजारों में मजबूत रुख के बीच सटोरियों के सौदे बढ़ाने से बुधवार को वायदा कारोबार में सोने का भाव 0.16 फीसदी चढ़कर 31,779 रुपये प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में जून महीने की डिलिवरी के लिये सोना 50 रुपये यानी 0.16 फीसदी बढ़कर 31,779 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। इसमें 9,741 लॉट के लिये कारोबार हुआ। अमेरिका-चीन के बीच व्यापार युद्ध के नए सिरे से तेज होता देख निवेशकों ने सोने में निवेश बढ़ा दिया है। इससे दुनियाभर के बाजारों में सोने के भाव में तेजी देखने को मिल रही है। वहीं अगस्त महीने की डिलीवरी के लिये सोना 39 रुपये यानी 0.12 फीसदी बढ़कर 31,929 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। इसमें 3,317 लॉट के लिये कारोबार हुआ।