श्रीनगर: सीआरपीएफ पार्टी पर हिजबुल का आतंकी हमला, एक जवान शहीद।

बटमालू इलाके में आतंकियों ने मंगलवार शाम करीब चार बजे वहां तैनात सीआरपीएफ पार्टी को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग की।

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) :  सचिवालय से 300 मीटर दूर बटमालू इलाके में मंगलवार को सीआरपीएफ पार्टी पर आतंकियों ने हमला बोल दिया। इसमें एक जवान शहीद हो गया जबकि दो अन्य घायल हो गए। हमले के तुरंत बाद पूरे इलाके को घेरकर तलाशी अभियान चलाया गया। हमले की जिम्मेदारी आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन ने ली है। बटमालू इलाके में आतंकियों ने मंगलवार शाम करीब चार बजे वहां तैनात सीआरपीएफ पार्टी को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग की। इसमें तीन जवान घायल हो गए, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान एक जवान ने दम तोड़ दिया। सीआरपीएफ के प्रवक्ता संजय शर्मा ने बताया कि हमले में सीआरपीएफ की 23 बटालियन का कांस्टेबल शंकर लाल बराला (राजस्थान निवासी) शहीद हो गया। दो अन्य घायल जवानों की हालत खतरे से बाहर है। हमले के तुरंत बाद सीआरपीएफ और पुलिस के आला अधिकारियों ने पहुंचकर घटना की जानकारी ली। पूरे इलाके को घेरकर एक घंटे तक तलाशी अभियान चलाया गया क्योंकि उन्हें शक था कि आतंकी आसपास ही कहीं पनाह लिए हुए हैं। शहर के लगभग सभी एंट्री और एग्जिट प्वाइंट्स को सीलकर तलाशी ली गई। हालांकि, आतंकियों का कोई सुराग नहीं लग सका। इससे पूर्व आतंकियों ने 15 जून को बटमालू से कुछ किलोमीटर दूर करन नगर इलाके में जम्मू कश्मीर पुलिस के जवानों को निशाना बनाया था। इसमें दो जवान घायल हुए थे जिनमें से एक ने बाद में दम तोड़ दिया था।

Comments (0)
Add Comment